डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से टैरिफ (Trump Tariff Bomb) बम फोड़ा है. अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने सेक्शन 301 के तहत की गई जांच के बाद 17 देशों से आयात किए जाने वाले सामनों पर 10% का टैरिफ लगा दिया है, जो 24 जुलाई से लागू हो गया है.
ट्रंप के टैरिफ का ऐलान होने के बाद एशियाई बाजारों में कारोबार की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई. जापान का निक्केई हो या फिर साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स सभी क्रैश नजर आए हैं. इस बीच भारतीय शेयर बाजार में भी तबाही के संकेत मिल रहे हैं और सेंसेक्स-निफ्टी के लिए प्रमुख संकेतक माना जाने वाला Gift Nifty करीब 200 अंक की गिरावट में कारोबार करता नजर आया है.
निक्केई 2000 अंक, तो KOSPI भी धड़ाम
डोनाल्ड ट्रंप के 10 फीसदी टैरिफ की खबर का सीधा असर दुनियाभर के शेयर बाजारों पर देखने को मिला है. शुक्रवार को जैसे ही एशियाई शेयर मार्केट्स में ट्रेडिंग शुरू हुई, तमाम देशों के इंडेक्स भरभराकर टूट गए. जापान का निक्केई इंडेक्स 2000 अंक से ज्यादा फिसलकर 64,334 पर कारोबार करता नजर आया, तो वहीं साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स करीब 6 फीसदी की बड़ी गिरावट लेकर 6665 के लेवल पर कारोबार कर रहा था.
इसके अलावा अन्य बाजारों पर नजर डालें, तो हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स करीब 2 फीसदी फिसलकर 24,825 पर ट्रेड कर रहा था. DAX, CAC से लेकर ब्रिटेन के शेयर मार्केट FTSE-100 में भी गिरावट के साथ रेड जोन में कारोबार हो रहा था.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
—- समाप्त —-