बॉलीवुड के सबसे दमदार यंग एक्टर्स में से एक राजकुमार राव की नई फिल्म प्रहार का टीजर आ चुका है. वह काफी दिनों से पॉपुलर एंटरटेनिंग फिल्मों में ही नजर आ रहे थे. उनके तगड़े हुनर के फैंस ने बहुत दिनों से उन्हें एक्टिंग टैलेंट की धार चमकाने वाले सीरियस किरदार में नहीं देखा है. मगर प्रहार के सिर्फ डेढ़ मिनट लंबे टीजर में ही राजकुमार ने दिखा दिया है कि लोग क्यों उनकी तारीफ करते नहीं थकते. प्रहार में राजकुमार ने मशहूर वकील (और अब सांसद) उज्ज्वल निकम का किरदार निभाया है, जिन्होंने 26/11 हमले के आरोपी अजमल कसाब को फांसी दिलवाने में बड़ी भूमिका निभाई थी.
प्रहार के टीजर में क्या है दमदार?
फिल्म के टीजर में सबसे बड़ा हिस्सा राजकुमार की स्पीच का है. वह कोर्ट में खड़े होकर इस बात का जवाब देते आ रहे हैं कि जब फोटोज और वीडियोज में कसाब की सारी हरकतें दिख रही हैं, फिर उसे कोर्ट ट्रायल की जरूरत क्यों है. राजकुमार जिस तरह अपनी उम्र से करीब एक दशक बड़े उज्ज्वल निकम के किरदार में ढले हैं, उसमें ही उनकी डेडिकेशन दिखती है.
चेहरे के हाव-भाव से लेकर बोलने के अंदाज तक, वह पूरी तरह किरदार में हैं. कसाब को अरेस्ट करने वाले एएसआई (ASI) तुकाराम ओम्बले का जिक्र करती हुई उनकी कोर्ट स्पीच का सीन इतना दमदार है कि यह अपने आप में फिल्म देखने की पूरी पर्याप्त वजह है. स्पीच के बाद फिल्म की झलक दिखाते टीजर का ट्रीटमेंट और बैकग्राउंड स्कोर ये उम्मीद देता है कि ये रेगुलर कोर्टरूम ड्रामा की तरह बहुत स्लो नहीं होगी. यहां देखें प्रहार का टीजर:
दमदार कास्ट का भी साथ
प्रहार में राजकुमार की पत्नी के रोल में वामिका गब्बी नजर आ रही हैं. टीजर में जयदीप अहलावत भी वकील के रोल में केवल एक झलक भर के लिए नजर आते हैं. अपने कॉलेज के दोस्त राजकुमार के साथ जयदीप को प्रहार जैसे दमदार कोर्टरूम ड्रामा में देखना फैंस के लिए बहुत एक्साइटिंग होगा.
इनके साथ सिकंदर खेर भी महत्वपूर्ण रोल में नजर आ रहे हैं. ‘पाताल लोक’ डायरेक्ट कर चुके अविनाश अरुण ने प्रहार डायरेक्ट की है, जिससे इस बात का भरोसा है कि यह कहानी सॉलिड हाथों में है. ऐसे में 7 अगस्त को रिलीज हो रही प्रहार का इंतजार करना तो बनता है.
—- समाप्त —-