हाजीपुर में गंगा का रौद्र रूप! पत्थर से टकराकर पलटी नाव, 9 रेस्क्यू, 2 की तलाश जारी – Hajipur Ganga Boat capsizes after hitting rock 9 rescued search underway for 2 Lcly


बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में बुधवार सुबह गंगा नदी में बड़ा नाव हादसा हो गया. करीब 11 लोगों को लेकर राघोपुर से दीघा की ओर जा रही एक प्राइवेट नाव महात्मा गांधी सेतु के पुराने 9 नंबर पाया के पास एक बड़े पत्थर से टकराने के बाद गंगा में पलट गई. नाव के नदी में पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए. कई लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. स्थानीय लोगों की तत्परता से करीब 9 लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, 2 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. उनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

पत्थर से टकराने के बाद गंगा में पलट गई नाव
बताया जा रहा है कि नाव राघोपुर से दीघा की तरफ जा रही थी. इसी दौरान महात्मा गांधी सेतु के पुराने 9 नंबर पाया के पास नाव एक बड़े पत्थर से टकरा गई. टक्कर के बाद नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह देखते ही देखते गंगा नदी में पलट गई.

घटना की सूचना मिलते ही वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे बचाव अभियान का जायजा लिया. इसके बाद वैशाली की डीएम वर्षा सिंह भी मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए.

हादसे के करीब तीन घंटे बाद SDRF और NDRF की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं. इसके बाद नदी में लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. रेस्क्यू टीमें गंगा में संभावित स्थानों पर लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं.

दोनों लोगों की तलाश में चलाया जा रहा है रेस्क्यू अभियान
नाव हादसे की खबर फैलते ही राघोपुर से लेकर महात्मा गांधी सेतु तक लोगों की भीड़ जमा हो गई. परिजन और स्थानीय लोग नदी में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं. प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रही हैं.

फिलहाल हादसे में 9 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि दो लोगों की तलाश जारी है. प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों को खोजने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी गंभीरता के साथ जारी है. हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है.

(इनपुट- विकास कुमार)

—- समाप्त —-


Leave a Comment