उत्तराखंड के चमोली जिले स्थित बदरीनाथ धाम में चढ़ावे और दान में कथित गड़बड़ी के मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने बड़ी कार्रवाई की है. एसआईटी ने बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) के पूर्व टेंपल अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र सिंह चौहान 30 जून को ही अपने पद से रिटायर हुए थे. रिटायरमेंट के कुछ ही दिनों बाद एसआईटी ने उन्हें बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़ी कथित अनियमितताओं और चोरी की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया है.
एसआईटी इस मामले की जांच कर रही है. जांच में मिले तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई. फिलहाल राजेंद्र सिंह चौहान से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है. पूछताछ के बाद इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
बता दें कि सोशल मीडिया पर बद्रीनाथ मंदिर में दान की गिनती के दौरान अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद यह पूरा मामला चर्चा में आया था. इसके बाद ‘भैरव सेना’ नाम के एक संगठन ने भी शिकायत दर्ज कराई और इस मामले में गहन जांच तथा एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी.
उत्तराखंड सरकार ने इन आरोपों की जांच के लिए पिछले हफ्ते 3 सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया था. गढ़वाल मंडल के आयुक्त (कमिश्नर) इस समिति के अध्यक्ष हैं और ये समिति अपनी पूरी रिपोर्ट और सिफारिशें राज्य सरकार को सौंपेगी. एसएसपी सुरजीत सिंह पंवार ने समाचार एजेंसी PTI को बताया कि मंदिर समिति के अधिकारी युधवीर फरस्वान की शिकायत पर 8 जुलाई को बद्रीनाथ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था.
—- समाप्त —-