15 साल के वैभव की ICC रैकिंग में ‘रॉकेट’ एंट्री… 230 पायदान की छलांग, दुनिया के टॉप-50 T20 बल्लेबाजों में बनाई जगह – vaibhav sooryavanshi icc t20 ranking 230 places jump top 50 shubman gill odi no 1 bmsp


महज 15 साल की उम्र में भारतीय क्रिकेट का नया सितारा वैभव सूर्यवंशी लगातार बड़े मंच पर अपनी छाप छोड़ रहा है. जिम्बाब्वे दौरे पर बल्ले से धमाल मचाने का इनाम अब उसे ICC रैंकिंग में भी मिला है.

ताजा T20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की रैंकिंग में वैभव ने 230 स्थानों की जबरदस्त छलांग लगाते हुए सीधे 48वें नंबर पर कब्जा कर लिया है. इतनी बड़ी छलांग इस बात का संकेत है कि दुनिया अब इस युवा बल्लेबाज को गंभीरता से लेने लगी है.

जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में वैभव ने दो अर्धशतक जड़े और 151 रन बनाए. उनका एवरेज 50.33 रहा और भारत ने सीरीज 3-0 से अपने नाम की. इसी प्रदर्शन का असर ICC रैंकिंग में देखने को मिला, जहां उनके 536 रेटिंग अंक हो गए.

वैभव अभी भारतीय बल्लेबाजों में सबसे ऊपर नहीं हैं, लेकिन उनका सफर बेहद तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है. T20I बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत के ईशान किशन अब भी 910 रेटिंग अंकों के साथ नंबर-1 पर कायम हैं. वहीं तिलक वर्मा दो स्थान ऊपर चढ़कर छठे और कप्तान श्रेयस अय्यर 7 स्थान की छलांग लगाकर 24वें नंबर पर पहुंच गए.

इस बीच वनडे क्रिकेट में भारत के लिए भी बड़ी खुशखबरी आई. कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को पीछे छोड़ते हुए ICC वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में फिर से नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया. मिचेल इस साल जनवरी से शीर्ष पर थे.

गेंदबाजों की बात करें तो लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने 31 स्थान की छलांग लगाकर 41वां स्थान हासिल किया. वहीं चोट के कारण जिम्बाब्वे दौरे से बाहर रहे वरुण चक्रवर्ती तीन स्थान नीचे खिसके, लेकिन टॉप-10 में बने हुए हैं.

—- समाप्त —-




Leave a Comment