‘सब बर्बाद हो गया…’, अबान अहमद की मौत की खबर सुन झांसी जेल में रो पड़ा भाई अली – Everything is ruined after hearing Aban Ahmed death news brother Ali broke down in tears at Jhansi Jail lclam


झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. इस भीषण हादसे में अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य साथी घायल हो गए. यह दुर्घटना तब हुई जब कार उरई से झांसी की ओर जा रही थी. हादसे के बाद जेल में बंद भाई अली खबर सुनकर बेहद दुखी हुआ और रो पड़ा.  

जेल में खबर सुनते ही बिलख पड़ा भाई अली

माफिया अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान की मौत की खबर से जेल में बंद उसका भाई अली पूरी तरह टूट गया. जेल अधीक्षक विनोद कुमार के अनुसार, जब अली को भाई के एक्सीडेंट की जानकारी हुई तो वह बहुत परेशान हो गया. अपने भाई की एक झलक देखने को बेताब अली भावुक हो गया और रोते हुए कहने लगा कि “सब बर्बाद हो गया”. उधर, दूसरा भाई अहजम अहमद भी घटना स्थल और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा.

यह भी पढ़ें: जिस क्रेटा कार से हुआ अतीक अहमद के बेटे अबान का एक्सीडेंट, उसके बारे में पता चली ये बात

मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम, कार से मिलीं ये चीजें

हादसे की जानकारी मिलते ही फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर क्रेटा कार का गहन निरीक्षण किया और सबूत जुटाए. तलाशी के दौरान कार से ‘स्टेशनरी ऑफ तेहरान’ और ‘इडियट’ नाम के दो उपन्यास मिले. इसके अलावा कार में सवार युवकों का सामान, गुटखा और इत्र की शीशी बरामद हुई, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया. 

चश्मदीदों ने बताया हादसे का भयानक मंजर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक सामने आई कार को बचाने के प्रयास में गाड़ी की रफ्तार तेज होने से वह उछलकर रॉन्ग साइड में मुड़ गई. कार के एयरबैग खुल गए थे और अगली सीट बुरी तरह चिपक गई थी. स्थानीय लोगों ने रोड की मदद से दरवाजा खोलकर घायलों को निकाला, हालांकि शुरुआत में किसी को नहीं पता था कि गाड़ी में अतीक का बेटा सवार है.

यहां सुपुर्द-ए-खाक की तैयारी

फ़िलहाल, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार की नमाज के बाद अबान को कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा. इसी स्थान पर उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद को भी दफनाया गया था. अबान की कब्र अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में तैयार की गई है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment