कॉकरोच जनता पार्टी(CJP) संस्थापक अभिजीत दिपके हिंगोली जिले के दौरे पर हैं. दो दिन पहले उन्होंने संतुक पिंपरी गांव के जिला परिषद स्कूल का जायजा लिया था. उन्होंने स्कूल के प्रिंसिपल पर शराब के नशे में रहने का आरोप लगाते हुए उनके निलंबन की मांग की थी.
आज उन्होंने फिर से गांव का दौरा किया और बेहतर स्कूली व्यवस्था के लिए अनशन पर बैठे ग्रामीणों से मुलाकात की. दिपके ने बताया कि प्रशासन ने ग्रामीणों की मांगों को मान लिया है. और प्रिंसिपल को निलंबित कर स्कूल में तुरंत चार शिक्षक नियुक्त करने पर भी सहमति बन गई है. साथ ही बच्चों के लिए बेंच भी आ गई.
अभिजीत दिपके का कहना है कि सभी राज्यों में स्कूलों की बेहतर व्यवस्था को लेकर आंदोलन शुरू हो चुका है. दिपके का कहना है कि सरकार स्कूलों की हकीकत को छुपाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छुपाने से असलियत बदल नहीं सकती.
अभिजीत दिपके ने बताया कि अब्दुल उनके साथ जंतर मंतर प्रोटेस्ट में था. जब उन्होंने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत की तो अब्दुल बंगाल चला गया और वहां स्कूलों का निरीक्षण करने लगा. दिपके ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने अब्दुल के साथ मारपीट की. इस दौरान जब अब्दुल के पिता बचाव के लिए आए तो मारपीट में उनकी मौत हो गई. उन्होंने कहा कि अब्दुल उनका परिवार, उनका भाई है.
यह भी पढ़ें: दो एग्जाम, जमकर घमासान… UGC-NET परीक्षा रद्द, बॉम्बे हाईकोर्ट एग्जाम में गड़बड़ी, दिपके की भी एंट्री
अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि पिछले 10 सालों से देश में नफरत की राजनीति हो रही है और अब्दुल और उसका परिवार भी इसका शिकार हुआ है. दिपके ने स्कूल प्रिंसिपल के सस्पेंड किए जाने को अब्दुल और उसके पिता की जीत बताया. उनका कहना है कि जब तक सभी स्कूलों की स्थिति ठीक नहीं होती तब तक उनका यह अभियान जारी रहेगा.
देश के कई हिस्सों में Gen Alpha बेहतर शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों की खस्ता हालत में सुधार के लिए आवाज़ उठा रहे हैं. कई राज्यों में वे स्कूलों की स्थिति सुधारने और बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने की मांग कर रहे हैं.
—- समाप्त —-