वर्कआउट करते-करते अचानक गिरे डॉक्टर, फिर नहीं उठ सके… CCTV में कैद हुई घटना – nagaon medical professor dies during gym workout viral video tstf


असम के नागांव में मेडिकल कॉलेज के एक एसोसिएट प्रोफेसर की जिम में वर्कआउट के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई. वह बेहोश हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई. हालांकि उनकी मौत की सही वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है.

मृतक की पहचान डॉ. साहिन रहमान के रूप में हुई है. वह नागांव मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर थे. बताया जा रहा है कि वह जिम में वर्कआउट कर रहे थे, तभी अचानक बेहोश हो गए. इसके बाद उन्हें संभालने और इलाज की कोशिश की गई, लेकिन बाद में उनकी मौत हो गई.

वीडियो में क्या दिख रहा है?

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में डॉ. रहमान जिम में एक्सरसाइज करते नजर आते हैं. कुछ देर बाद वह धीरे-धीरे झुकते दिखाई देते हैं और फिर जमीन पर गिर जाते हैं. उनके आसपास मौजूद लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़ते हैं और उन्हें संभालने की कोशिश करते हैं.

फिलहाल यह साफ नहीं है कि डॉ. रहमान की मौत किस वजह से हुई. मौत के सही कारण का पता जांच या मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. 

सोशल मीडिया पर भी इस घटना की चर्चा हो रही है. लोग इस बात से हैरान हैं कि एक डॉक्टर और मेडिकल कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर की वर्कआउट के दौरान अचानक तबीयत कैसे बिगड़ गई. कई लोग उनके परिवार और करीबियों के प्रति संवेदना जता रहे हैं.

डॉ. साहिन रहमान अपने मेडिकल करियर के साथ नागांव मेडिकल कॉलेज में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग में पढ़ाने और अकादमिक काम से जुड़े हुए थे. 

हाल के महीनों में सामने आईं ऐसी घटनाएं

वर्कआउट के दौरान अचानक गिरने और मौत की ऐसी कुछ घटनाएं हाल के महीनों में भी चर्चा में रही हैं. जून 2026 में उत्तराखंड के 38 वर्षीय SOG अधिकारी गिरीश भट्ट जिम में वर्कआउट के दौरान अचानक गिर पड़े थे. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. इस घटना का CCTV वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.

इसी महीने मोहाली के एक जिम में 23 वर्षीय मुकेश राजपूत एक्सरसाइज करते समय अचानक बेहोश होकर गिर पड़े थे. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था. वहीं, कर्नाटक के दावणगेरे में 26 वर्षीय नेशनल-लेवल बॉडीबिल्डर सुशील कुमार की वर्कआउट के बाद तबीयत बिगड़ने पर मौत की खबर भी सामने आई थी.

—- समाप्त —-


Leave a Comment