राम मंदिर के नाम महिला ने दिया 4 करोड़ का चेक, खाते में निकले सिर्फ 3 रुपये… एक्शन की तैयारी में बैंक – ram mandir Woman issues 4 crore cheque account found to have only rs 3 bank take action ayodhya news lcly


अयोध्या स्थित राम मंदिर से जुड़ा चेक बाउंस होने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. चेन्नई की एक महिला श्रद्धालु ने राम मंदिर के कर्मचारियों की सुविधाओं के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को 4 करोड़ रुपये का चेक दिया था. ट्रस्ट की ओर से चेक बैंक में जमा कराया गया, लेकिन जांच में संबंधित खाते में महज 3 रुपये की राशि मिली. पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण 4 करोड़ रुपये का चेक बाउंस हो गया.

जानकारी के मुताबिक महिला श्रद्धालु चाहती थीं कि उनके दिए गए 4 करोड़ रुपये विशेष रूप से राम मंदिर के कर्मचारियों की सुविधाओं पर खर्च किए जाएं. इसके लिए उन्होंने ट्रस्ट से लिखित आश्वासन मांगा था. हालांकि, ट्रस्ट की ओर से ऐसा लिखित आश्वासन नहीं दिए जाने की बात सामने आई है. इसी बीच महिला ने मंदिर के लिए अलग से 10 हजार रुपये का दान भी दिया था.

चेक बाउंस होने पर बैंक भेजेगा नोटिस
4 करोड़ रुपये की बड़ी रकम का चेक अनादरित होने के बाद बैंक की ओर से चेक जारी करने वाली महिला को नोटिस भेजे जाने की तैयारी है. नोटिस के जरिए उनसे खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के बावजूद इतनी बड़ी रकम का चेक जारी करने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है. चेक बाउंस के मामलों में नियमानुसार आगे कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है.

हालांकि, फिलहाल ट्रस्ट की ओर से महिला श्रद्धालु से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किए जाने की जानकारी है. इस मामले में अभी तक ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

पहले भी बाउंस हुए थे करोड़ों रुपये के चेक
राम मंदिर निर्माण के लिए वर्ष 2020 में चलाए गए निधि समर्पण अभियान के दौरान 45 दिनों में करीब 3,500 करोड़ रुपये की सहयोग राशि जुटाई गई थी. अभियान के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने चेक के माध्यम से भी योगदान दिया था. उस समय तकनीकी और अन्य कारणों से करीब 100 करोड़ रुपये के चेक बाउंस होने की जानकारी सामने आई थी.

बाद में अधिकांश चेक दोबारा जमा कराकर उनकी राशि की भरपाई कर ली गई थी. हालांकि, करीब 22 करोड़ रुपये के चेक की रकम की रिकवरी बाकी रहने की बात भी सामने आई थी.

राम मंदिर को हर महीने मिल रहा करोड़ों का दान
रामलला के मंदिर में हर महीने अलग-अलग माध्यमों से करीब 3 से 4 करोड़ रुपये का दान मिलने की जानकारी है. इसमें नकद, ऑनलाइन और चेक के जरिए मिलने वाली राशि शामिल है. बताया जाता है कि हर महीने करीब 1 से 1.5 करोड़ रुपये का दान चेक के माध्यम से प्राप्त होता है.

4 करोड़ रुपये का चेक बाउंस होने के बाद ट्रस्ट बड़ी रकम के चेक स्वीकार करने और उनकी क्लियरिंग प्रक्रिया में अतिरिक्त सतर्कता बरत सकता है. हालांकि, इस संबंध में ट्रस्ट की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
 

—- समाप्त —-


Leave a Comment