मैट्रिमोनियल साइट पर ‘करोड़पति’ बताया, महिला से दुष्कर्म कर हड़पे 41 लाख रुपये – Man poses as millionaire on matrimonial site dupes woman of Rs 41 lakh lclnt


महाराष्ट्र के ठाणे जिले से मैट्रिमोनियल साइट के जरिए धोखाधड़ी और शारीरिक शोषण का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 38 वर्षीय शख्स ने खुद को करोड़पति बिजनेसमैन बताकर एक तलाकशुदा महिला से न सिर्फ दुष्कर्म किया, बल्कि उससे करीब 41.25 लाख रुपये की ठगी भी की. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है.

खुद को बताया होटल व्यवसायी और सिविल इंजीनियर
कोल्सेवाड़ी पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता (36) ठाणे जिले के कल्याण पूर्व इलाके में अपने बच्चे के साथ रहती है. वह तलाकशुदा है और जीवनसाथी की तलाश के लिए उसने एक मैट्रिमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी.

आरोपी की पहचान नंदुरबार निवासी के रूप में हुई है. उसने वैवाहिक वेबसाइट पर एक फर्जी प्रोफाइल बनाई थी, जिसमें उसने खुद को एक बेहद अमीर होटल व्यवसायी और सिविल इंजीनियर के रूप में पेश किया था.

बच्चे को अपनाने का नाटक कर जीता भरोसा, फिर किया दुष्कर्म
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने महिला से शादी करने और उसके बच्चे को अपनाने का वादा किया. इस मीठी-मीठी बातों से उसने महिला का पूरा भरोसा जीत लिया. इसके बाद, आरोपी ने नवी मुंबई के पनवेल स्थित विभिन्न होटलों और महिला के कल्याण स्थित घर पर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया.

41 लाख रुपये की ठगी और कारें भी हड़पीं
दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक, आरोपी की नजर महिला की संपत्ति पर थी. भरोसा जीतने के बाद उसने अलग-अलग बहानों से महिला से कुल 41.25 लाख रुपये ऐंठ लिए. ठगी यहीं नहीं रुकी; आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर महिला की एक कार बेच दी और उसकी दूसरी गाड़ी पर भी अवैध रूप से कब्जा कर लिया.

पीड़िता की शिकायत पर कोल्सेवाड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और जालसाजी समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस को आशंका है कि आरोपी इसी ‘मोडस ऑपरेंडी’ का इस्तेमाल कर कई अन्य महिलाओं को भी अपना शिकार बना चुका है. आरोपी फिलहाल फरार है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

—- समाप्त —-


Leave a Comment