‘मैं गा नहीं सकता, बुरे लोगों पर बुलडोजर ही चलवा सकता हूं’, जब कलाकारों से बोले CM योगी – i cannot sing but i can certainly have bulldozer run over wrong people cm yogi told artist ntc aktw


उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विधान भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ. इस सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कलाकारों और छात्र-छात्राओं से मिलने पहुंचे.

इसी दौरान छत्तीसगढ़ से आए एक लोक कलाकार के साथ सीएम योगी की ऐसी मजेदार बातचीत हुई कि वहां मौजूद हर शख्स अपनी हंसी नहीं रोक पाया. 

दरअसल, कलाकार ने यूपी की कानून-व्यवस्था और अपराधियों पर चलने वाले बुलडोजर एक्शन की तारीफ की. मुख्यमंत्री ने बेहद मजाकिया अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि मैं आपकी तरह गा नहीं सकता इसलिए बुरे लोगों पर बुलडोजर चलवा देता हूं.

कलाकार ने की यूपी के बुलडोजर एक्शन की तारीफ

छत्तीसगढ़ से आए कलाकारों ने लखनऊ के इस मुख्य समारोह में अपनी पारंपरिक कला और लोक नृत्य की प्रस्तुति दी थी. इसके बाद जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कलाकारों का हौसला बढ़ाने के लिए उनसे बातचीत की.

छत्तीसगढ़ के एक कलाकार ने बड़े ही उत्साह के साथ यूपी सरकार के काम करने के तरीके की सराहना की. कलाकार ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुधारने के लिए जिस तरह से अपराधियों पर बुलडोजर कार्रवाई की जाती है, वह वाकई काबिले-तारीफ है. उन्होंने यूपी के सख्त प्रशासनिक फैसलों की खुलकर प्रशंसा की.

कलाकार की बात सुनकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुस्कुराते हुए बड़ा ही दिलचस्प जवाब दिया. सीएम योगी ने सहजता से कहा, ‘आप गा सकते हैं तो गीत गाते हैं, मैं गा नहीं सकता तो बुरे लोगों पर बुलडोजर चलाता हूं.
मुख्यमंत्री योगी का यह जवाब सुनते ही वहां मौजूद लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाए. पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. 

सीएम योगी ने बहुत ही अनूठे तरीके से कला के सुरों और अपराधियों पर पड़ने वाले प्रशासनिक हथौड़े के बीच एक बेहतरीन और हास्य से भरी तुलना पेश की.

इस शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर सभी कलाकारों और विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया. अपनी कला और प्रतिभा के जरिए देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत करने वाले इन सभी प्रतिभागियों का मुख्यमंत्री ने दिल से अभिनंदन किया.

CM योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज विधान भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों और कलाकारों को सरकारी आवास पर सम्मानित किया.

अपनी कला और प्रतिभा के माध्यम से देश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करने वाले सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन. सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं.

—- समाप्त —-




Leave a Comment