मेरठ में भीषण सड़क हादसा: टायर फटने से खाई में गिरी कार, दिल्ली के 3 युवकों की मौत, 1 ICU में भर्ती – Horrific road accident in Meerut Car plunges into ditch after tyre burst 3 youths from Delhi killed LCLAM


Uttar Pradesh News: मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र स्थित सकौती फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह टायर फटने से एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कई पलटे खाते हुए गहरी खाई में जा गिरी. इस भीषण हादसे में दिल्ली निवासी कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. 

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने तत्काल राहत-बचाव अभियान चलाकर सभी को बाहर निकाला. घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया.

हरिद्वार से लौट रहे थे चारों दोस्त

सीओ दौराला शिव ठाकुर ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कार में सवार सभी चारों युवक दिल्ली के रहने वाले थे और हरिद्वार से वापस दिल्ली लौट रहे थे. सुबह के समय अचानक हुए इस हादसे में दो लोगों की सांसें मौके पर ही थम गईं. पुलिस ने दोनों गंभीर घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद एक और युवक की जान नहीं बचाई जा सकी.

एक घायल आईसीयू में भर्ती, जांच शुरू

हादसे में जीवित बचे चौथे व्यक्ति की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल के आईसीयू (ICU) में जिंदगी की जंग लड़ रहा है. पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सीओ ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घटना के सभी संबंधित पहलुओं की बारीकी से जांच चल रही है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment