महिला पर अखिलेश यादव के खिलाफ गाली-गलौज का आरोप, बिसरख थाने में शिकायत – akhilesh yadav objectionable remarks police complaint samajwadi party ntc amkr


समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र व आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बिसरख थाने में शिकायत दी है. समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी के नेतृत्व में दी गई शिकायत में मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है.

शिकायत के मुताबिक आम्रपाली सेंचुरियन पार्क, ग्रेटर नोएडा निवासी एक महिला ने कथित तौर पर अखिलेश यादव के खिलाफ गाली-गलौज और आपत्तिजनक टिप्पणी की है. शिकायतकर्ताओं का दावा है कि महिला की टिप्पणी से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है. कार्यकर्ताओं ने पुलिस से वीडियो और पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है.

अक्षय चौधरी ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और जनप्रतिनिधि के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि संबंधित महिला को अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से अखिलेश यादव से माफी मांगनी चाहिए.

उन्होंने बताया कि इस संबंध में बिसरख थाने में लिखित शिकायत दी गई है. पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की अपेक्षा है.

शिकायत देने के दौरान समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष दीपक नागर, समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष प्रतीक भाटी, छात्रसभा के प्रदेश सचिव प्रशांत भाटी, पूर्व छात्रसभा जिलाध्यक्ष हैप्पी पंडित, अमन भाटी और जिला सचिव इमरान मलिक समेत अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे.

अक्षय चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में विश्वास रखती है. पार्टी किसी भी व्यक्ति द्वारा की गई अभद्र या अपमानजनक टिप्पणी का समर्थन नहीं करती. उन्होंने पुलिस प्रशासन से शिकायत पर संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की.

—- समाप्त —-


Leave a Comment