महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर से टकराई तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत – amravati car crash samruddhi mahamarg five killed maharashtra family members ntc amkr


महाराष्ट्र के अमरावती जिले में धामणगांव रेलवे तहसील से गुजरने वाले समृद्धि महामार्ग पर रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े कंटेनर से पीछे से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मृतक चंद्रपुर जिले के निवासी थे और किसी निजी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अकोला जा रहे थे. हादसे में पूरे परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ गईं.

मृतकों की पहचान भास्कर जीवने (57 वर्ष), महादेव जीवने (42 वर्ष), आरती जीवने (40 वर्ष), लता जीवने (43 वर्ष) व कृष्णा जीवने (12 वर्ष) के रूप में हुई है.

यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: गुलमर्ग में LoC के पास ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इग्निस कार तेज रफ्तार में थी और सामने खड़े कंटेनर से पीछे से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और किसी भी यात्री को संभलने का मौका नहीं मिला.

हादसे की सूचना मिलते ही समृद्धि महामार्ग पुलिस, हाईवे सुरक्षा टीम और आपातकालीन बचाव दल मौके पर पहुंच गया. कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर धामणगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया.

प्राथमिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है. हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

इस दर्दनाक हादसे के बाद समृद्धि महामार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया. एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से चंद्रपुर और अकोला दोनों क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment