भागवत में किया डांस, पति ने पत्नी और दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से काट डाला, फिर दे दी जान – morena man kills wife two children with axe after bhagwat dance dispute lclcn


मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के किशनपुर गांव में घरेलू विवाद ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया. यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली. शनिवार सुबह घटना का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. 

मृतकों की पहचान रविता कुशवाहा, उनके दो मासूम बेटों आरव और देबू के रूप में हुई है. वहीं, रेलवे ट्रैक पर मिले शव की पहचान बलराम कुशवाहा के रूप में हुई, जो रविता का पति था. सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

यह भी पढ़ें: ‘मैं देखता रहा और पत्नी बच्चे कट गए…’, मुरैना रेल हादसे पर शख्स ने बयां किया दर्द

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले गांव में आयोजित भागवत कथा के दौरान रविता ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में डांस किया था. पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर बलराम नाराज रहने लगा और दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा.

भागवत के बाद बढ़ा विवाद, मायके चली गई थी पत्नी

रविता के पिता मलखान ने बताया कि भागवत कथा के बाद बलराम ने उनकी बेटी के साथ मारपीट की थी. जब उन्हें इसकी जानकारी मिली तो वे बेटी के ससुराल पहुंचे. उस समय बलराम ने साफ कह दिया था कि वह रविता को अपने घर में नहीं रखेगा.

इसके बाद 17 तारीख को मलखान अपनी बेटी को अपने साथ कुतबार गांव स्थित मायके ले गए. कुछ दिन बाद, 24 तारीख को बलराम अपने परिजनों के साथ वहां पहुंचा और रविता को वापस अपने घर ले आया.

परिजनों के मुताबिक, घर लौटने के बाद भी दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ. शुक्रवार रात दोनों के बीच एक बार फिर झगड़ा हुआ. इसी दौरान बलराम ने पहले अपने दोनों मासूम बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला किया और उनकी हत्या कर दी. इसके बाद उसने पत्नी रविता की भी कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी.

वारदात के बाद रेलवे ट्रैक पहुंचा आरोपी

पत्नी और बच्चों की हत्या करने के बाद बलराम सीधे पास के रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया. वहां उसने ट्रेन के सामने आकर अपनी भी जान दे दी. शनिवार सुबह जब पड़ोसियों ने घर में कोई हलचल नहीं देखी तो उन्हें शक हुआ. घर के अंदर झांकने पर आंगन में शव पड़े दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

मौके पर पहुंची पुलिस ने घर से महिला और दोनों बच्चों के शव बरामद किए. इसी बीच सूचना मिली कि नजदीकी रेलवे ट्रैक पर भी एक व्यक्ति का शव पड़ा है. जांच में उसकी पहचान बलराम कुशवाहा के रूप में हुई.

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल हत्या और आत्महत्या के पीछे घरेलू विवाद को मुख्य वजह माना जा रहा है.

क्या बोले मृतका के पिता और पुलिस अधिकारी?

मृतका के पिता मलखान ने बताया कि गांव में आयोजित भागवत कथा में सभी लोग शामिल हुए थे और उनकी बेटी ने भी डांस किया था. घर लौटने के बाद बलराम ने इसी बात को लेकर रविता के साथ मारपीट की. इसके बाद वह बेटी को अपने साथ मायके ले गए थे, लेकिन 24 तारीख को बलराम उसे वापस ले आया.

डीएसपी हेडक्वार्टर विजय भदौरिया ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि किशनपुर गांव के एक घर में तीन शव पड़े हैं. मौके पर पहुंचने पर महिला और दो बच्चों के शव मिले. बाद में पास के रेलवे ट्रैक से बलराम कुशवाहा का शव भी बरामद हुआ.

डीएसपी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर में लंबे समय से गृह क्लेश चल रहा था. हाल ही में हुई भागवत कथा में महिला के डांस करने की बात को लेकर पति मानसिक रूप से परेशान रहता था. इसी विवाद के चलते उसने पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या की और बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment