बुमराह के लिए BCCI का प्लान-B तैयार, अफगानिस्तान सीरीज से हुए बाहर तो इस गेंदबाज की होगी एंट्री – jasprit bumrah fitness test match simulation afghanistan t20i series prince yadav tspoa


स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर भारतीय टीम मैनेजमेंट कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता. अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से पहले बुमराह की फिटनेस को एक बार फिर परखा जा रहा है. बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में बुमराह समेत कई खिलाड़ियों के लिए मैच सिमुलेशन टेस्ट आयोजित किए जा रहे हैं.

TOI की रिपोर्ट के मुताबिक ये मैच सिमुलेशन टेस्ट 4 से 9 सितंबर तक चलेंगे. जसप्रीत बुमराह के अलावा नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा भी इस प्रक्रिया का हिस्सा हैं. बीसीसीआई की मेडिकल टीम पिछले सप्ताह इन खिलाड़ियों को क्लिनिकली फिट घोषित कर चुकी है, लेकिन मैच सिमुलेशन टेस्ट के जरिए उनकी क्षमता को परखना अहम माना जा रहा है.

अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम 10 सितंबर को दिल्ली में इकट्ठा होगी. ऐसे में उससे पहले होने वाला यह फिटनेस आकलन सेलेक्शन और टीम मैनेजमेंट के लिए काफी महत्वपूर्ण है. खासकर बुमराह के मामले में सिर्फ मेडिकल फिटनेस ही नहीं, बल्कि उनकी लगातार गेंदबाजी करने की क्षमता पर भी नजर रखी जा रही है. लंबे सीजन को देखते हुए उनके वर्कलोड को नियंत्रित रखना टीम की प्राथमिकताओं में शामिल है.

…तो इस धुरंधर को मिलेगा मौका
अगर जसप्रीत बुमराह को आराम देने की जरूरत पड़ती है, तो युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव विकल्प बन सकते हैं. प्रिंस ने जून में अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज के जरिए इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण किया था. हालांकि, जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई थी. अब वह उससे उबर चुके हैं और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने उन्हें चयन के लिए फिट घोषित कर दिया है.

इस साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाले प्रिंस यादव को चयनकर्ता सीमित ओवरों के क्रिकेट के लिए भविष्य के तेज गेंदबाज के तौर पर देख रहे हैं. ऐसे में अफगानिस्तान सीरीज उनके लिए एक बार फिर टीम में जगह बनाने का मौका हो सकती है.

बूम बूम बुमराह ने पिछले साल साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद से कोई फर्स्ट-क्लास मुकाबला नहीं खेला है. घुटने में लगी चोट के बाद से उनका इस्तेमाल मुख्य रूप से टी20 क्रिकेट में किया गया है. यही कारण है कि टीम मैनेजमेंट उनके साथ लंबी योजना के तहत आगे बढ़ना चाहता है. आने वाले महीनों में भारत को अलग-अलग फॉर्मेट में महत्वपूर्ण मुकाबले खेलने हैं और ऐसे में बुमराह की फिटनेस को एक सीरीज से ज्यादा पूरे सीजन के नजरिए से देखा जा रहा है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment