पद्म श्री अवॉर्ड लेते समय PM मोदी को किया इग्नोर? एक्टर अनिल कुमार रस्तोगी ने वायरल वीडियो पर तोड़ी चुप्पी – Did Anil Kumar Rastogi ignore PM Modi receiving Padma Shri award Know tmovg


हाल ही में राष्ट्रपति भवन में आयोजित हुए पद्म पुरस्कार समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है. इस वीडियो को लेकर इंटरनेट पर कुछ यूजर्स यह दावा कर रहे हैं कि मशहूर थियेटर और फिल्म एक्टर पद्म श्री अनिल कुमार रस्तोगी ने कार्यक्रम के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नजरअंदाज कर दिया. हालांकि अब एक्टर अनिल कुमार रस्तोगी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है.,

अब इस पूरे मामले और बढ़ते विवाद पर उन्होंने सोशल मीडिया पर सामने आकर इस वीडियो की पूरी सच्चाई बताई है और साफ किया है कि आखिर उस वक्त मंच पर क्या हुआ था.

क्या है वायरल वीडियो में?
सोशल मीडिया पर जो क्लिप इस समय तेजी से शेयर की जा रही है, उसमें अनिल कुमार रस्तोगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अपना सम्मान लेने के लिए मंच की तरफ आगे बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं. जैसे ही वह मंच पर आते हैं, वहां बैठे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिष्टाचार के नाते उनकी तरफ हाथ बढ़ाते हैं. लेकिन, रस्तोगी पीएम मोदी के इस इशारे को देख नहीं पाते और बिना रुके सीधे आगे निकल जाते हैं. बस, इसी छोटे से हिस्से को काटकर कुछ इंटरनेट यूजर्स ने इसे ‘जानबूझकर किया गया इग्नोर’ का नाम दे दिया और विवाद खड़ा कर दिया.

75 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
अनिल कुमार रस्तोगी ने अपने दशकों लंबे एक्टिंग सफर में एक से बढ़कर एक किरदारों को पर्दे पर जीवंत किया है. वह अब तक 75 से ज्यादा बॉलीवुड फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं, जिनमें ‘इशकजादे’, ‘मुल्क’, ‘रेड’ और ‘थप्पड़’ जैसी बेहतरीन और गंभीर फिल्में शामिल हैं. फिल्मों के अलावा, उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर 14 फेमस वेब सीरीज में काम किया है और टेलीविजन शोज के लगभग 500 एपिसोड्स में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है.

वायरल होने के बाद एक्टर की सफाई
जैसे ही यह बात सोशल मीडिया पर ज्यादा बढ़ने लगी, एक्टर अनिल कुमार रस्तोगी ने खुद सामने आकर इसे क्लियर किया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना को लेकर चल रही सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए लिखा, ‘जो लोग इस घटना को लेकर बातें बना रहे हैं या इसका मजाक उड़ा रहे हैं, उनसे मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि मेरी उम्र इस समय 80 साल से ज्यादा हो चुकी है. मंच पर जो कुछ भी हुआ, वह सिर्फ मेरी उम्र के कारण हुई एक स्वाभाविक चूक थी.’

अनिल कुमार रस्तोगी ने आगे बात करते हुए यह भी लिखा, ‘मेरे मन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के लिए बहुत गहरा सम्मान है. मैं व्यक्तिगत रूप से यह पूरी तरह मानता हूं कि हमारे देश का नेतृत्व करने के लिए वह आज के समय में सबसे बेहतरीन और सही विकल्प हैं.’

इसके अलावा थियेटर से अनिल कुमार रस्तोगी का नाता बहुत पुराना और गहरा है. उन्होंने अपने पूरे करियर में अब तक 99 नाटकों में अभिनय किया है और देश-दुनिया के अलग-अलग मंचों पर लगभग 1,000 स्टेज परफॉर्मेंस दी हैं.

—- समाप्त —-


Leave a Comment