नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही, उफनती त्रिशूली नदी में बहा 130 मीटर लंबा सस्पेंशन ब्रिज, कटा 400 परिवारों का संपर्क – nepal trishuli river flood suspension bridge swept away gorkha ntc apdy


नेपाल में बाढ़ का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार सुबह त्रिशूली नदी में आई ताजा बाढ़ के कारण मध्य नेपाल में एक सस्पेंशन ब्रिज बह गया. अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी.

यह पुल गंडकी प्रांत के गोरखा जिले में गंडकी ग्रामीण नगरपालिका-8 के घ्यालचोक को  हाईवे के पास चरौदी से जोड़ता था. सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, करीब तीन घंटे तक चली बाढ़ में यह पुल सुबह लगभग 11:30 बजे बह गया. पुल के बह जाने से गंडकी ग्रामीण नगरपालिका-7 और 8 के लोगों का पृथ्वी हाईवे से संपर्क टूट गया है.

130 मीटर लंबा घ्यालचोक-चरौदी पुल घ्यालचोक के करीब 400 परिवारों के लिए आने-जाने का प्रमुख रास्ता था. किसान इसी रास्ते से अपने डेयरी उत्पाद और सब्जियां चरौदी स्थित कृषि सहकारी संस्था तक पहुंचाते थे. अब इलाके के किसान अपनी उपज चरौदी तक नहीं पहुंचा सकेंगे.

बाढ़ से भारी तबाही 

इससे पहले 26 अगस्त को आई भीषण फ्लैश फ्लड में यहां से कुछ दूरी पर नीचे की ओर धावाडीघाट का एक पुल भी बह गया था. इसके बाद स्थानीय लोग धावाडीघाट पुल के विकल्प के तौर पर घ्यालचोक-चरौदी पुल का इस्तेमाल कर रहे थे. नेपाल में फ्लैश फ्लड से मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 788 हो गई थी. अधिकारियों के मुताबिक, शव मिलने का सिलसिला जारी है. वहीं, भोटेकोशी नदी में जलस्तर बढ़ने की चेतावनी जारी की गई है और बाढ़ प्रभावित जिलों में रहने वाले लोगों तथा बचाव कर्मियों से सतर्क रहने को कहा गया है. रिपोर्ट के अनुसार, 2,500 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं, जबकि करीब 9,500 लोगों को बचाया जा चुका है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment