नेपाल में फंसे भारतीयों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी, पीएम मोदी ने की नेपाली पीएम से बात – india prepares relief aid nepal flash flood emergency helpline numbaer ntcpvp


नेपाल में बुधवार को आई भीषण फ्लैश फ्लड के बाद भारत ने पड़ोसी देश की मदद के लिए राहत सामग्री भेजने की तैयारी शुरू कर दी है. इसके साथ ही नेपाल में बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए भारतीय दूतावास ने दो आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं.

भारतीय नागरिक किसी भी तरह की सहायता और जानकारी के लिए +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 पर संपर्क कर सकते हैं.

हेल्पलाइन नंबर- 

+977 985 131 6807

+977 970 910 7500

नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी. दूतावास ने कहा कि नेपाल में आई फ्लैश फ्लड से प्रभावित भारतीय नागरिक सहायता और जरूरी जानकारी के लिए इन आपातकालीन नंबरों का इस्तेमाल कर सकते हैं. दूतावास हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरतमंद भारतीय नागरिकों को सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है.

इस बीच भारत ने नेपाल को मानवीय सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी भी शुरू कर दी है. शीर्ष सरकारी सूत्रों के मुताबिक, भोटेकोशी में आई भीषण फ्लैश फ्लड में अब तक कम से कम 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 33 सुरक्षाकर्मी लापता बताए जा रहे हैं. हालात की गंभीरता को देखते हुए नई दिल्ली राहत सामग्री का पैकेज तैयार कर रही है.

सरकारी सूत्रों का कहना है कि भारत लगातार काठमांडू के संपर्क में है और नेपाल के साथ-साथ सीमा से सटे इलाकों में पैदा हुए हालात पर भी करीबी नजर रखी जा रही है.

सूत्रों के मुताबिक, भारत की ओर से मानवीय आधार पर राहत पैकेज तैयार रखा जा रहा है. नेपाल की ओर से औपचारिक रूप से सहायता की जरूरत बताए जाने या जमीनी हालात को देखते हुए इसकी आवश्यकता पड़ने पर राहत सामग्री जल्द से जल्द रवाना की जाएगी. भारत और नेपाल के संबंधित अधिकारी स्थिति को लेकर लगातार संपर्क में हैं.

नेपाल में आई भीषण बाढ़ और इससे हुई जनहानि को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से फोन पर बात की है. पीएम मोदी ने बाढ़ में लोगों की मौत पर संवेदना जताते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में भारत के लोग नेपाल के अपने भाई-बहनों के साथ मजबूती से खड़े हैं.

प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से बातचीत के दौरान उन्होंने बाढ़ के कारण हुई जनहानि पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.

पीएम मोदी ने नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया है. उन्होंने कहा, ‘भारत नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है.’

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत और नेपाल की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर आपस में करीबी समन्वय कर रही हैं. भारत की ओर से नेपाल में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है.

नेपाल में भीषण फ्लैश फ्लड के बाद कई इलाकों में बड़े पैमाने पर नुकसान की खबरें सामने आई हैं. भारत लगातार नेपाल के संपर्क में है और वहां के हालात पर नजर बनाए हुए है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment