दो बेटियों के पिता को चाहिए था बेटा… कानपुर के अस्पताल से चुराया नवजात, बिजली विभाग का SDO पहुंचा जेल; नर्स भी शामिल – hamirpur Electricity department SDO jailed for stealing child from kanpur hospital through nurse lcln


UP News: हमीरपुर के मौदहा में तैनात बिजली विभाग के SDO आरके वर्मा पर बेटे की चाह ने ऐसा घमासान खड़ा किया कि वह मानव तस्करी और अपहरण की साजिश में जेल पहुंच गए. घाटमपुर पुलिस ने कानपुर नगर CHC से नवजात चोरी की साजिश के इस खुलासे के बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जिससे बिजली महकमे में हड़कंप मच गया.

दरअसल, पुलिस की जांच में सामने आया कि मौदहा कस्बे के बिजली सब स्टेशन में करीब 6 महीने से तैनात आरके वर्मा की 2 बेटियां हैं और वह बेटा चाहता था. इसी चाहत ने उसे बांदा जनपद के बबेरु थाना इलाके के अनुवान गांव निवासी ANM गीता पत्नी विनोद तक पहुंचा दिया, जिस पर 5 लाख रुपये का लालच देकर बच्चा चोरी करवाने की साजिश रची गई.

10 मई की रात गीता घाटमपुर CHC पहुंची और एक बच्चा उठाकर निकलने लगी, लेकिन स्टाफ ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ में मानव तस्करी और अपहरण की इस साठगांठ का परत-दर-परत पर्दाफाश हुआ. पुलिस ने पहले गीता को जेल भेजा, फिर उसकी पूछताछ और विवेचना में SDO आरके वर्मा का नाम सामने आया.

घाटमपुर पुलिस ने इसके बाद आरके वर्मा के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया और तलाश तेज की. आखिरकार गिरफ्तारी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया. बिजली विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियरजीसी यादव ने कहा कि निलंबन के लिए मुख्यालय को पत्र भेजा गया है, अब आगे की कार्रवाई वहीं से तय होगी.

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस गिरफ्तारी के बाद विभागीय जांच और तेज होगी, या फिर इस पेचीदे खुलासे से और भी चेहरे सामने आएंगे? बिजली महकमे से लेकर पुलिस तक, अब सबकी नजर अगले कदम पर टिकी है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment