दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, 4 दिन बाद यात्रियों के लिए बड़ी राहत – Delhi Metro Station Open Or Close DMRC Website Rajiv Chowk Janpath Central Secretariat ntc mnrd


दिल्ली में हालिया प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा कारणों से बंद किए गए सभी मेट्रो स्टेशनों को अब फिर से खोल दिया गया है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने रविवार को ऐलान की कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर यात्रियों के लिए एंट्री और एग्जिट दोनों सेवाएं सामान्य रूप से शुरू कर दी गई हैं. 

पिछले चार दिनों से मध्य दिल्ली के 18 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा प्रतिबंध लागू थे. इनमें राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, जनपथ, पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, नई दिल्ली, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और सेवा तीर्थ स्टेशन शामिल थे.

इन स्टेशनों पर ट्रेनों का संचालन जारी था, लेकिन यात्रियों को स्टेशन के भीतर प्रवेश करने या बाहर निकलने की इजाजत नहीं थी. सिर्फ इंटरचेंज स्टेशनों पर लाइन बदलने की सुविधा थी. इससे रोजाना दफ्तर जाने वाले हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई यात्रियों को ऑटो, बस और टैक्सी का सहारा लेना पड़ा, जबकि सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी काफी बढ़ गया.

डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शनिवार को ही जानकारी देते हुए कहा था कि अब दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं. इसके साथ ही पूरे नेटवर्क पर मेट्रो सेवाएं सामान्य स्थिति में लौट आई हैं.

स्टेशन खुलते ही राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस और नई दिल्ली जैसे व्यस्त स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई. कई दिनों बाद इन स्टेशनों पर सामान्य चहल-पहल लौटती दिखाई दी. टिकट काउंटर और एएफसी गेट फिर से चालू हो गए और यात्रियों ने राहत की सांस ली.

मध्य दिल्ली में लगे सुरक्षा प्रतिबंध हटने के साथ ही उम्मीद की जा रही है कि सड़क यातायात पर भी दबाव कम होगा और रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों को अब पहले की तरह बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के मेट्रो सेवा का लाभ मिल सकेगा.

—- समाप्त —-


Leave a Comment