ट्रेड डील पर ट्रंप ने दे दी बड़ी खुशखबरी, कहा- मेरे अच्छे दोस्त PM मोदी – Trump claims us india trade agreement soon praises pm modi good friend ntc drmt


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और अमेरिका के बीच जल्द ही एक व्यापार समझौता होने का भरोसा जताया है. इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है. ट्रंप ने पीएम मोदी को अपना ‘अच्छा दोस्त’ बताया है.

गुरुवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने दोनों देशों के व्यापारिक और व्यक्तिगत संबंधों पर खुलकर बात की. ट्रंप ने पुराने व्यापारिक समीकरणों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले के मुकाबले में अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं.

ट्रंप ने कहा, ‘सालों तक भारत ने अमेरिका का फायदा उठाया. वो हमारे सामानों पर भारी टैक्स लगाते थे और खुद कुछ भी भुगतान नहीं करते थे. लेकिन अब स्थिति इसके बिल्कुल उलट हो चुकी है. अब हम भारत के साथ व्यापार में बहुत पैसा कमा रहे हैं.’

पीएम मोदी से दोस्ती के कारण बनेगा काम

पहले के व्यापारिक घाटे और भारी टैक्स पर बात करने के बावजूद ट्रंप ने भारत के साथ आने वाले समय में एक बेहतर समझौते की उम्मीद जताई. उन्होंने इसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने मजबूत और व्यक्तिगत संबंधों को दिया.

ट्रंप ने आगे कहा, ‘इन सब बातों के बाद भी हम भारत के साथ एक व्यापार समझौता कर लेंगे. ऐसा इसलिए है क्योंकि मैं आपके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत पसंद करता हूं. वो मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं और हमारी आपस में बहुत अच्छी पटती है. हमारे बीच बहुत ही बेहतरीन संबंध हैं.’

यह भी पढ़ें: ‘पहले ईरान से निपटे लें, फिर क्यूबा को भी देख लेंगे…’ ट्रंप का बड़ा बयान

रिश्तों में आएगी और मजबूती

ट्रंप के इस बयान से साफ है कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक मुद्दों पर भले ही उतार-चढ़ाव रहे हों, लेकिन दोनों देशों के बीच की करीबी इन समस्याओं को सुलझाने में मददगार साबित हो रही है. इस संभावित व्यापार समझौते से आने वाले समय में भारत और अमेरिका के आर्थिक संबंध और ज्यादा मजबूत होंगे.

—- समाप्त —-


Leave a Comment