‘जेलेंस्की के विमान के करीब पहुंचा ड्रोन, बाल-बाल बचे यूक्रेनी राष्ट्रपति’, नॉर्वे PM जोनास गार स्टोर का दावा – zelenskyy plane drone scare norway pm jonas gahr stoere ukraine president aircraft nearly hit moldova ntc aktw


यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के प्लेन को लेकर बड़ा दावा सामने आया है. नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोर ने कहा कि मोल्दोवा से उड़ान भरते समय जेलेंस्की का विमान एक ड्रोन की चपेट में आने से बाल-बाल बचा. यह घटना मंगलवार को हुई. उस समय जेलेंस्की नॉर्वे जा रहे थे.

स्टोर ने नॉर्वे के स्टेट ब्रॉडकास्टर एनआरके से बातचीत में यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जेलेंस्की का विमान उड़ान भरने वाला था, तभी एक ड्रोन उसके करीब पहुंच गया. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि ड्रोन विमान से कितनी दूरी पर था. उन्होंने ड्रोन के बारे में भी ज्यादा जानकारी नहीं दी.

जेलेंस्की के विमान से जुड़ी यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब मंगलवार को मोल्दोवा के एयरस्पेस में दो रूसी ड्रोन घुस गए थे. इसके बाद राजधानी चिसिनाउ के एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए विमानों की आवाजाही रोक दी गई.

यह भी पढ़ें: किस दिशा में जाएगी जंग? पुतिन के बाद जेलेंस्की से मिले ट्रंप के ‘शांति दूत’

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, मोल्दोवा जाने वाली कई उड़ानों का रास्ता बदल दिया गया. कुछ विमानों को हवा में ही चक्कर लगाने पड़े. इनमें से एक ड्रोन एक खेत में गिर गया और वहां आग लग गई. दूसरा ड्रोन रोमानिया की सीमा में चला गया.

मोल्दोवा की राष्ट्रपति माइया संदू ने ड्रोन की इस घुसपैठ को लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बताया. उन्होंने यूक्रेन की सीमा से लगे एक बॉर्डर क्रॉसिंग पर हुए अलग हमले की भी निंदा की. इस हमले में दो लोगों की मौत हुई थी.

नॉर्वे में एयर डिफेंस पर हुई चर्चा

जेलेंस्की मंगलवार शाम नॉर्वे पहुंचे थे. उन्होंने प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोर के साथ बैठक की. इस दौरान यूक्रेन के लिए नॉर्वे की सैन्य मदद और एयर डिफेंस सिस्टम पर चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने नागरिक सहायता को लेकर भी बातचीत की.

जेलेंस्की ने नॉर्वे के रक्षा उद्योग से जुड़े अधिकारियों के साथ भी बैठक की. इसमें यूरोप के प्रस्तावित FREYJA एयर डिफेंस सिस्टम पर चर्चा हुई. यह एक एंटी बैलिस्टिक डिफेंस सिस्टम है. इसका मकसद यूरोप के आसमान को मिसाइल और ड्रोन हमलों से सुरक्षित करना है.

यह भी पढ़ें: कीव में रूस का बड़ा ड्रोन अटैक, यूक्रेन की टॉप सुरक्षा एजेंसी हेडक्वार्टर को बनाया निशाना, जेलेंस्की ने दी खुली धमकी

जेलेंस्की ने कहा कि यूरोप के आसमान की सुरक्षा सभी की साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने नॉर्वे और दूसरे सहयोगी देशों के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट पर काम करने की बात कही.

किंग हेराल्ड V के अंतिम संस्कार में पहुंचे जेलेंस्की

बुधवार को जेलेंस्की ने ओस्लो में नॉर्वे के राजा हेराल्ड V के अंतिम संस्कार में  पहुंचे. राजा हेराल्ड V का 28 अगस्त को 89 साल की उम्र में निधन हुआ था. जेलेंस्की अन्य देशों के नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अंतिम यात्रा में शामिल हुए. इसके बाद वह नॉर्वे से रवाना हो गए. 

नॉर्वे के प्रधानमंत्री स्टोर के मुताबिक, जेलेंस्की इसके बाद कनाडा के लिए रवाना हुए. वहां वह कनाडाई नेताओं के साथ बातचीत करेंगे. यूक्रेन इस समय रूस के लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रहा है. फरवरी 2022 में रूस के पूर्ण सैन्य अभियान शुरू करने के बाद से दोनों देशों के बीच युद्ध जारी है.
 

—- समाप्त —-


Leave a Comment