‘कौन है ये आदमी?’, जब सलमान खान को देख बोली कपिल शर्मा की ‘बुआ’, सेट पर छाया सन्नाटा – comedy nights with kapil bua upasana singh recalls saying famous line kaun hai ye aadmi to salman khan tmovj


कलर्स टीवी पर कपिल शर्मा अपना शो ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ लाया करते थे, जो करीब दो साल तक लोगों की जान बना रहा. हर वीकेंड इसपर बॉलीवुड सितारों की धूम मचती थी. कपिल के अलावा शो में नौकर, दादी और बुआ बने एक्टर्स भी बड़े पॉपुलर हुए. अली असगर, उपासना सिंह और चंदन प्रभाकर रातोंरात स्टार बन गए. 

उपासना सिंह शो में कपिल की बुआ बनकर आती थीं, जो हर गेस्ट के साथ थोड़ी फ्लर्टिंग करती दिखती थीं. उनका हर एक अंदाज लोगों को पसंद आता था. लेकिन जब उस चैनल पर शो बंद हुआ, तब वो कभी वापस कपिल के शो का हिस्सा नहीं बनीं. फैंस उन्हें उस किरदार में देखना काफी ज्यादा मिस करते हैं. 

कपिल की ‘बुआ’ की फेमस लाइन

हाल ही में उपासना सिंह ने गलाटा इंडिया से बातचीत में कॉमेडी नाइट्स विद कपिल शो की यादें फिर से ताजा कीं. उन्होंने बताया कि शो की उनकी सबसे पॉपुलर लाइन ‘कौन है ये आदमी’ की कैसे शुरुआत हुई. उपासना बताती हैं कि जब सलमान खान साल 2014 में अपनी फिल्म जय हो को प्रमोट करने उनके शो पर आए थे, तब इस लाइन का अचानक जन्म हुआ. ये बिल्कुल स्क्रिप्ट में शामिल नहीं था. हालांकि ये वो मोमेंट भी था जब उनके शो की पूरी टीम डर गई थी कि कहीं सलमान ये बात सुनकर सेट छोड़कर ना चले जाएं. 

उपासना ने कहा- मैंने सलमान खान के साथ काफी काम किया है. हमने गॉड तुस्सी ग्रेट हो और मुझसे शादी करोगी जैसी फिल्मों में काम किया. हमने कपिल शर्मा के शो पर भी काफी बार साथ काम किया है. ये जो लाइन है ‘कौन है ये आदमी?’ इसलिए बनी क्योंकि सलमान और मैं साथ में शूटिंग कर रहे थे. 

‘उस समय हमें कभी पता नहीं होता था कि हमारे सामने बैठा स्टार क्या बोलेगा. हम एक प्ले की तरह अपने-अपने हिस्से तैयार करते थे और जानते थे कि हमें क्या बोलना है. लेकिन हमें कभी पता नहीं होता था कि गेस्ट स्टार के साथ किस तरह की बातचीत होगी. तो सलमान ने मुझसे कुछ कहा और मेरे मुंह से अचानक निकल गया कौन है ये आदमी?’

उपासना आगे कहती हैं- अब आप सोचिए, उपासना सिंह सलमान खान से कहती है कि ‘कौन है ये आदमी?’. उस वक्त सेट पर 14 कैमरा थे और चारों तरफ सन्नाटा छा गया था. हर किसी को लगा कि सलमान को बुरा लग जाएगा, वो सेट छोड़कर चले जाएंगे और शो अधूरा रह जाएगा. 

क्या सलमान को सच में लगा बुरा?

हालांकि उपासना के मुताबिक ऐसा कुछ नहीं हुआ. उल्टा सलमान उनकी लाइन पर जोर-जोर से हंसने लगे. एक्ट्रेस ने कहा- सलमान जी इतना हंसने लगे कि वो लगभग सोफे से गिरने वाले थे. वो करीब 4-5 मिनट तक लगातार हंसते रहे. उसके बाद जो भी स्टार शो पर आया उसने मेरे मुंह से यही डायलॉग सुना ‘कौन है ये आदमी?’. बाद में चलकर इस डायलॉग पर टी-शर्ट भी बनीं. 

उपासना सिंह ने इसी बातचीत में कपिल के नेटफ्लिक्स वाले शो पर आने की इच्छा जाहिर की. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें वैसा ही कोई रोल ऑफर किया जाएगा, तो वो जरूर उस शो का हिस्सा बनना चाहेंगी. उन्हें भरोसा है कि कपिल उन्हें जरूर कॉल करेंगे.

—- समाप्त —-


Leave a Comment