काउंटर प्रिविलेज नोटिस… कांग्रेस ने जितेंद्र सिंह के खिलाफ दिया विषेशाधिकार हनन नोटिस – kc venugopal congress firing controversy privilege breach notice rahul gandhi ntc bktw


नीट पेपर लीक को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रोटेस्ट में शामिल छात्रों पर गन शॉट का मुद्दा अब और गर्म हो गया है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री को घेरते हुए फायरिंग की बात कही. इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद अनुराग ठाकुर ने एक दिन पहले ही राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था.

अब कांग्रेस ने भी काउंटर नोटिस दे दिया है. कांग्रेस की ओर से केसी वेणुगोपाल ने प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने के लिए नोटिस दे दिया है. केसी वेणुगोपाल ने यह नोटिस लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को सौंप दिया है. केसी वेणुगोपाल ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दी है.

केसी वेणुगोपाल ने मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह पर आरोप लगाया है कि कोई फायरिंग नहीं हुई बोलकर सदन को गुमराह किया. उन्होंने डॉक्टर सिंह पर लोकसभा में गलत जानकारी देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि मंत्री का यह बयान जमीनी हकीकत से पूरी तरह उलट है. केसी वेणुगोपाल ने दावा किया है कि फायरिंग हुई थी और घायल व्यक्ति का अब भी इलाज चल रहा है. इससे संबंधित जानकारियां सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं.

उन्होंने आरोप लगाया है कि कोई फायरिंग नहीं हुई, सदन में यह कहना सदन को गुमराह करना है. केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि सदन को गुमराह करना विशेषाधिकार का उल्लंघन और सदन की अवमानना माना जाता है. मंत्रियों से इस तरह की उम्मीद की जाती है कि कोई तथ्य रिकॉर्ड पर रखने के पहले उसकी पूरी तरह से पुष्टि कर लें. उन्होंने स्पीकर डॉक्टर जितेंद्र सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही शुरू करने की मांग की है.

गौरतलब है कि बीजेपी की ओर से अनुराग ठाकुर ने भी फायरिंग वाले बयान को लेकर ही राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है. अनुराग ठाकुर ने भी इस बात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दी है.

—- समाप्त —-




Leave a Comment