कल नोएडा के जेवर एयरपोर्ट से शुरू होगी Indigo की पहली फ्लाइट – IndiGo operate inaugural flights from Noida International Airport jewar June 15 lclnt


नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से 15 जून को वाणिज्यिक उड़ान सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ होने जा रहा है. उद्घाटन के अवसर पर इंडिगो एयरलाइंस पहली एयरलाइन के रूप में अपनी सेवाएं शुरू करेगी. पहली वाणिज्यिक उड़ान में 172 किसान सफर करेंगे. जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के साथ ये सभी किसान विमान से लखनऊ पहुंचेंगे, जहां वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त करेंगे. ये वही किसान हैं जिन्होंने जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए अपनी जमीनें दी थीं. किसानों के योगदान और सहभागिता को सम्मान देने के उद्देश्य से इस विशेष उड़ान का आयोजन किया गया है.

पहली उद्घाटन उड़ान सुबह 7:05 बजे लखनऊ से रवाना होकर 8:05 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी. इसके बाद यही विमान सुबह 8:35 बजे नोएडा से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगा और निर्धारित समयानुसार 11:05 बजे बेंगलुरु पहुंचेगा.

वापसी यात्रा में इंडिगो की उड़ान दोपहर 3:45 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर शाम 6:20 बजे नोएडा पहुंचेगी. इसके बाद विमान शाम 6:55 बजे नोएडा से लखनऊ के लिए रवाना होगा और रात 8:00 बजे राजधानी पहुंचेगा. इस प्रकार एयरपोर्ट के संचालन की शुरुआत लखनऊ और बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों से सीधी कनेक्टिविटी के साथ होगी.

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक बड़े एविएशन और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित किया गया है. एयरपोर्ट के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर हवाई सुविधाएं मिलेंगी, वहीं व्यापार, उद्योग और पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.

इंडिगो एयरलाइंस ने संकेत दिए हैं कि आगामी चरणों में जेवर एयरपोर्ट को देश के 16 से अधिक प्रमुख शहरों से जोड़ा जाएगा. इससे उत्तर प्रदेश की हवाई संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी तथा प्रदेश निवेश और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा.

उद्घाटन उड़ानों का शेड्यूल
सेक्टर, फ्लाइट नंबर, प्रस्थान, आगमन
लखनऊ-नोएडा, 6E 2278, 07:05 AM, 08:05 AM
नोएडा-बेंगलुरु, 6E 2278, 08:35 AM, 11:05 AM
बेंगलुरु-नोएडा, 6E 2279, 03:45 PM, 06:20 PM
नोएडा-लखनऊ, 6E 2279, 06:55 PM, 08:00 PM

पश्चिमी यूपी और एनसीआर को मिलेगा नया एविएशन हब
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों के लिए एक नए एविएशन और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित होगा. इंडिगो ने घोषणा की है कि वह इस एयरपोर्ट को देश के 16 से अधिक प्रमुख शहरों से जोड़ेगी.

—- समाप्त —-


Leave a Comment