एक सिक्का मिला… फिर ‘खजाना-खजाना’ चिल्लाते हुए मलबे पर टूट पड़े लोग, झांसी में फैली अफवाह – jhansi treasure rumour after coins found during excavation crowd gathers lcla


कहते हैं, खजाने की खबर जंगल की आग से भी तेज फैलती है. झांसी में भी कुछ ऐसा ही हुआ. एक बच्ची को मिट्टी में पुराना सिक्का मिला. देखते ही देखते खबर फैल गई कि यहां खजाना दबा है. फिर क्या था… महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, हर कोई मलबे में अपनी किस्मत तलाशने पहुंच गया. कुछ ही देर में हालात ऐसे हो गए कि पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा.

ये कहानी झांसी के चिरगांव की है. गुरुवार को कुछ घंटों के लिए ऐसा नजारा दिखा, जैसे किसी फिल्म में खजाने की तलाश चल रही हो. मिट्टी के एक ढेर पर दर्जनों लोग झुके हुए थे. कोई हाथों से मिट्टी खंगाल रहा था, कोई डंडे से कुरेद रहा था, तो कोई बच्चों से पूछ रहा था कि सिक्का आखिर मिला कहां था.

पूरा मामला जैन मंदिर के पास का है. यहां एक मकान में जेसीबी से खुदाई चल रही थी. खुदाई से निकली मिट्टी को दूसरी जगह डंप किया जा रहा था. इसी बीच वहां खेल रही एक बच्ची को मिट्टी में सफेद धातु का एक पुराना सिक्का मिला. स्थानीय लोगों ने उसे चांदी का सिक्का बताया.

jhansi treasure rumour after coins found during excavation crowd gathers

बस, यहीं से कहानी बदल गई. किसी ने कहा कि मिट्टी में पुराने सिक्के दबे हैं. किसी ने इसे खजाना बता दिया. देखते ही देखते खबर पूरे इलाके में फैल गई. थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और आसपास के लोग उस जगह पहुंच गए. हर किसी को उम्मीद थी कि शायद अगला सिक्का उसके हाथ लगे.

यह भी पढ़ें: दमोह: पुराने घर की खुदाई में निकला 35 किलो चांदी से भरा मटका! मकान मालिक ने पुलिस को सौंपे सिर्फ 42 सिक्के

हालात ऐसे हो गए कि मलबे के ढेर पर सिक्के खोजने की होड़ मच गई. लोगों ने हाथों से मिट्टी छानी, कई लोग थैले लेकर पहुंच गए. आसपास से गुजरने वाले लोग भी रुककर इस ‘खजाना अभियान’ का हिस्सा बन गए.

सूचना मिलते ही चिरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को कंट्रोल किया. थाना प्रभारी राहुल राठौर ने कहा कि खुदाई के दौरान निकले मलबे में कुछ पुराने सिक्के मिलने की सूचना मिली थी. शुरुआती तौर पर सिक्कों पर 1919 अंकित दिखाई दे रहा है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि ऐसे कितने सिक्के मिले हैं और उनका ऐतिहासिक महत्व क्या है. इस संबंध में राजस्व विभाग को भी सूचना दे दी गई है.

अब प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि ये सिक्के किसी पुराने संग्रह का हिस्सा हैं, किसी दबे खजाने से जुड़े हैं या फिर सामान्य पुराने चलन के सिक्के हैं. लेकिन इतना जरूर हुआ कि एक सिक्के ने पूरे इलाके को कुछ घंटों के लिए ‘खजाने की खोज’ में लगा दिया. आखिर में खजाना मिला या नहीं, यह तो जांच बताएगी… लेकिन अफवाह कितनी तेजी से दौड़ती है, इसका ट्रेलर झांसी ने जरूर दिखा दिया.

—- समाप्त —-


Leave a Comment