‘हमने 14 इंडियन क्रू को बचाने में मदद की…’, अरब सागर रेस्क्यू को लेकर बोला अमेरिका – us navy rescues 14 indian sailors arabian sea mv virat 1 incident wdrk


अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के जरिए बताया कि 14 जून को उत्तरी अरब सागर में अमेरिकी नौसेना के एक सर्च एंड रेस्क्यू हेलिकॉप्टर ने 14 भारतीय नाविकों को बचाने में मदद की.

सेंट्रल कमांड के मुताबिक, सबसे पहले अमेरिकी नौसेना का ‘P-8’ निगरानी विमान घटनास्थल पर पहुंचा. उसने समुद्र में एक सर्च एंड रेस्क्यू किट गिराई, जिसमें एक लाइफ राफ्ट (बचाव नौका) भी शामिल थी. सभी 14 भारतीय नाविक इस लाइफ राफ्ट पर सवार हो गए.

इसके बाद एमवी जबल अली 9 (MV Jabal Ali 9) नाम का जहाज घटनास्थल पर पहुंचा और लाइफ राफ्ट से 11 नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया.

तीन नाविकों की जान हेलिकॉप्टर की मदद से बचाई गई

न्यूज रिपोर्ट के अनुसार, यूएसएस अब्राहम लिंकन (USS Abraham Lincoln) विमानवाहक पोत पर तैनात MH-60 सी हॉक (Sea Hawk) हेलिकॉप्टर ने 14 नाविकों में शामिल उन तीन अन्य नाविकों को बचाया, जिनकी लाइफ राफ्ट खराब मौसम और ऊंची लहरों के कारण पलट गई थी.

बाद में इन तीनों को भी एमवी जबल अली 9 पर पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत अच्छी थी और उनका मनोबल भी ऊंचा था.

भारत के दूतावास की ओर से X पर दी गई जानकारी के मुताबिक, मस्कट के तट से दूर एक मोटर से चलने वाली नाव का इंजन खराब हो गया था. इसके बाद चालक दल के सदस्यों ने सुरक्षित रूप से लाइफ राफ्ट में सवार होकर अपनी जान बचाई.

ओमान के तट के पास टला बड़ा हादसा

यह हादसा ओमान के तट पास हुआ जब जहाज का इंजन अचानक से फेल हो गया और जहाज डूबने लगा. मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने अमेरिकी नौसेना से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि 14 जून को एमएसवी विराट-1 नाम के एक मालवाहक जहाज के डूबने की सूचना मिली.

यह जहाज ओमान के रास अल हद्द से करीब 80 समुद्री मील दूर था. दुर्घटना की सूचना मिलते ही भारतीय नौसेना तुरंत घटनास्थल की तरफ रवाना हुई. हालांकि, इससे पहले अमेरिकी नौसेना ने मौके पर पहुंचकर भारतीय क्रू की जान बचा ली.

—- समाप्त —-


Leave a Comment