‘रेप‍िस्ट’ प्लेयर का VISA र‍िजेक्ट, नहीं खेल पाएगा पहला मैच… FIFA भी बेबस, इस देश ने लिया सख्त एक्शन – thomas partey visa denied canada ghana world cup opener Fifa reaction tspok


Thomas Partey Visa Denied: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अभियान शुरू होने से पहले घाना की टीम को बड़ा झटका लगा है. स्टार मिडफील्डर थॉमस पार्टे कनाडा के टोरंटो में पनामा के खिलाफ होने वाले टीम के पहले मैच में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. इसका कारण उनका वीजा आवेदन खारिज होना है.

फीफा ने शुक्रवार को जारी बयान में पुष्टि की कि 32 वर्षीय पार्टे को कनाडा में प्रवेश की अनुमति नहीं मिली है. इसके चलते वह घाना के बेस कैंप स्मिथफील्ड (रोड आइलैंड, अमेरिका) से टोरंटो नहीं जा सकेंगे. फीफा ने साफ किया कि मेजबान देशों की वीजा प्रक्रिया में उसकी कोई भूमिका नहीं होती और अंतिम फैसला संबंधित सरकार का होता है.

फीफा के अनुसार- उनका वीजा आवेदन कनाडा सरकार ने अस्वीकार कर दिया है. फीफा मेजबान देशों की इमिग्रेशन प्रक्रिया या वीजा मंजूरी में शामिल नहीं होता. किसी खिलाड़ी को वीजा देना या देश में प्रवेश की अनुमति देना संबंधित सरकार का अधिकार है.

कनाडा के इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटिजनशिप विभाग ने इस मामले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. वहीं, घाना फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

वीजा आवेदन खारिज होने के बाद पार्टे वापस रोड आइलैंड स्थित घाना टीम के बेस कैम्प लौट गए हैं. हालांकि उनके टूर्नामेंट से पूरी तरह बाहर होने की आशंका नहीं है. वह 23 जून को मैसाचुसेट्स के फॉक्सबोरो में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे. इसके बाद घाना अपना आखिरी ग्रुप मैच 27 जून को फिलाडेल्फिया में क्रोएशिया के खिलाफ खेलेगा.

थॉमस पार्टे फिलहाल कानूनी विवादों में भी घिरे हुए हैं. इंग्लैंड के क्लब आर्सेनल के लिए 2020 से 2025 के बीच खेलने के दौरान लगे कई रेप आरोपों के मामले में उन पर मुकदमा चलना है. इस मामले की सुनवाई नवंबर या उसके बाद शुरू हो सकती है. पार्टे ने सभी आरोपों से इनकार किया है और खुद को निर्दोष बताया है.

पार्टे वर्तमान में स्पेनिश क्लब विलारियल के लिए खेलते हैं. इसी तरह मोरक्को के डिफेंडर अचराफ हकीमी भी फ्रांस में समान आरोपों से जुड़े मामले में ट्रायल का इंतजार कर रहे हैं. घाना की टीम पिछले छह फीफा वर्ल्ड कप में से पांच में जगह बना चुकी है और इस बार भी उससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है. लेकिन टूर्नामेंट के पहले ही मैच से पहले पार्टे की अनुपस्थिति टीम के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है.

 

—- समाप्त —-


Leave a Comment