गोलगप्पे खाए, पैसे नहीं दिए… नशे में धुत महिला ने दुकानदार पर किया चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार – kaushambi golgappa vivad nashe mein mahila ne shopkeeper par chaku hamla lclcn


उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. गोलगप्पे खाने के बाद पैसे मांगने पर कथित तौर पर नशे में धुत एक महिला ने दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में युवक घायल हो गया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

दरअसल, यह घटना शुक्रवार शाम सैनी कोतवाली क्षेत्र के कमासिन चौराहा की बताई जा रही है. घायल युवक की पहचान अनिल कुमार पुत्र राधेश्याम के रूप में हुई है. अनिल की उम्र करीब 18 वर्ष है और वह चौराहे पर गोलगप्पे का ठेला लगाकर अपना गुजारा करता है.

यह भी पढ़ें: कौशांबी में छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला, 50 लोगों पर केस दर्ज, 5 गिरफ्तार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय एक महिला अनिल के ठेले पर पहुंची और गोलगप्पे खाने लगी. जब उसने गोलगप्पे खा लिए तो दुकानदार ने उससे पैसे मांगे. आरोप है कि इसी बात पर महिला अचानक भड़क गई और उसने अपने पास मौजूद चाकू से युवक पर हमला कर दिया.

पैसे मांगने पर भड़की महिला, पेट में लगा चाकू

बताया जा रहा है कि महिला के हमले में चाकू अनिल के पेट में जा लगा. वार होते ही युवक दर्द से कराह उठा और मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ पड़े.

स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक की मदद की और आरोपी महिला को पकड़ लिया. घटना के बाद चौराहे पर काफी भीड़ जमा हो गई. लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी और महिला को पुलिस के आने तक अपने कब्जे में रखा.

कौशांबी

घटना की जानकारी मिलते ही सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया. वहीं, घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया गया.

पुलिस ने महिला को लिया हिरासत में

पुलिस फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक महिला नशे की हालत में थी, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है.

घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि एक छोटे से भुगतान विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना बेहद चिंताजनक है. लोगों ने बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है.

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है. घायल युवक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

कौशांबी

थाना प्रभारी ने क्या कहा?

सैनी थाना प्रभारी त्रिलोकीनाथ पांडे ने बताया कि एक महिला द्वारा युवक पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी. घटना में युवक को चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

उन्होंने कहा कि आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment