नेटवर्क में हुई समस्या तो टावरकर्मी को खंभे से बांधा, अब पुलिस ने लिया तगड़ा एक्शन – Fatehpur Villagers hosted Jio Tower Technician now police taken big action lcly


उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर ग्रामीणों के गुस्से का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव में जियो टावर के एक तकनीशियन को ग्रामीणों ने पकड़कर टावर परिसर में खंभे से बांध दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस अब वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

जानकारी के मुताबिक हरदौली गांव में करीब 2 साल पहले मोबाइल टावर लगाया गया था. टावर लगने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद थी कि गांव में नेटवर्क की समस्या दूर हो जाएगी. लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से मोबाइल नेटवर्क ठीक से काम नहीं कर रहा था. कॉल करने से लेकर इंटरनेट चलाने तक में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.

बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम टावर का तकनीशियन गांव पहुंचा था. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों का गुस्सा उस पर फूट पड़ा. ग्रामीणों ने तकनीशियन को पकड़ लिया और टावर परिसर में ले जाकर खंभे से बांध दिया. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया. वीडियो में तकनीशियन खंभे से बंधा दिखाई दे रहा है. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने लिया संज्ञान
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया. फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बिंदकी क्षेत्र के हरदौली गांव में जियो टावर के तकनीशियन को स्थानीय लोगों द्वारा बंधक बनाए जाने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए मिली थी. वीडियो में कुछ लोग क्षेत्र में मोबाइल फोन पर 5G नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने की बात कहते हुए दिखाई दे रहे हैं.

एसपी के मुताबिक मामला सामने आते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया. इसके बाद घटना से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है. उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तकनीशियन को किस वजह से और किन परिस्थितियों में बंधक बनाया गया. वायरल वीडियो को भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है. वहीं, नेटवर्क की समस्या को लेकर ग्रामीणों में लंबे समय से नाराजगी होने की बात सामने आई है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment