BRICS समिट: इस एक तस्वीर में छिपी है 9 देशों के कलाकारों की मेहनत, सबकी एक खास पहचान – brics summit delhi cultural artwork nine countries collaboration unity edmm


दिल्ली में आयोजित हो रहे BRICS समिट का मंच केवल कूटनीति, अर्थशास्त्र और वैश्विक समझौतों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इस बार यह कला और बहुसांस्कृतिक एकता का भी गवाह बन रहा है. विदेश मंत्रालय (MEA) के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर ‘संगम: ए कन्फ्लुएंस ऑफ कल्चर्स’ नाम के एक बड़े सार्वजनिक कला प्रोजेक्ट की तस्वीर साझा की है, जो सम्मेलन में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.

भारत की अवधारणा ‘संगम’जहां अलग-अलग दिशाओं से आने वाली नदियां एक साथ मिलकर बहती हैं, इससे प्रेरित इस आर्टवर्क को ब्रिक्स समूह के 9 सदस्य देशों के कलाकारों ने मिलकर तैयार किया है.

9 देशों का हुनर, एक साझा मंच

विदेश मंत्रालय के मुताबिक यह विशाल आर्टवर्क ब्रिक्स देशों के बीच आपसी दोस्ती, सांस्कृतिक सांझापन और ‘विविधता में एकता’ का एक जीवंत प्रतीक है. इसकी थीम का आधार भारत की अध्यक्षता में आयोजित हो रहे BRICS समिट का मुख्य विषय ‘लचीलापन (Resilience), नवाचार (Innovation), सहयोग (Cooperation) और स्वावलंबन/सतत विकास (Sustainability)’ को दर्शाता है. इसमें भाग लेने वाले 9 देशों के कलाकारों ने अपनी-अपनी सांस्कृतिक पहचान और अनूठी कला शैलियों को एक ही कैनवास पर इस तरह पिरोया है कि यह अलग-अलग शैलियों का एक सुंदर संगम नजर आता है.

युवाओं और कला प्रेमियों के लिए खास संदेश

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस पहल को साझा करते हुए बताया कि कला कैसे सीमाओं को लांघकर विभिन्न देशों के लोगों को एक सूत्र में जोड़ सकती है. ब्रिक्स 2026 का यह पब्लिक आर्ट प्रोजेक्ट न केवल अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में ‘सॉफ्ट पावर’ की अहमियत को रेखांकित करता है, बल्कि दुनिया भर के उभरते कलाकारों और युवाओं के लिए भी एक बड़ा संदेश है कि सहयोग से कितनी खूबसूरत कृतियां रची जा सकती हैं.

—- समाप्त —-


Leave a Comment