‘हथकड़ी लगाओ, बेड़ियां बांधो पर जान बचाओ…’ क्यों यूपी पुलिस से डरा हरियाणा का गैंगस्टर राकेश पंपू? अंकित बालियान हत्याकांड का है मास्टरमाइंड – Ankit Baliyan Murder Mastermind Rakesh Pampu Fears UP Police Encounter Writes To DGP Seeking Security LCLAM


उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई. दो मोटरसाइकिलों पर आए चार हमलावरों ने 18 राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली सिर में लगने से अंकित की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद सोशल मीडिया पर गोगी गैंग द्वारा जिम्मेदारी लेने संबंधी पोस्ट की जांच जारी है. शामली पुलिस ने करनाल जेल में बंद गैंगस्टर राकेश पंपू, तिहाड़ जेल के रोहित मोई और टोरंटो में बैठे भोलू साहापुरिया को मुख्य साजिशकर्ता बनाया है. यूपी पुलिस और एसटीएफ मामले की जांच में जुटी हैं.

राकेश पंपू को सताया एनकाउंटर का डर

सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ दिखने वाले गैंगस्टर राकेश पंपू को यूपी पुलिस से एनकाउंटर का डर सता रहा है. उसने एसपी शामली और डीजीपी को चार पेज की चिट्ठी भेजी है. राकेश पंपू ने मांग की है कि प्रोडक्शन वारंट और रिमांड के दौरान उसे पुलिस वैन में ही लाया-ले जाया जाए तथा हथकड़ी व बेड़ियां लगाकर पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए.

अंकित बालियान हत्याकांड में शूटरों के एनकाउंटर के बाद एसपी ने गोगी गैंग से जुड़े गैंगस्टर राकेश उर्फ पम्पू का नाम उजागर किया था. करनाल जेल में बंद पंपू पर जेल से हत्या की साजिश रचने, शूटरों को साधने और फंडिंग का आरोप है.

यूपी पुलिस अब रिमांड लेकर पम्पू से जेल के बाहरी संपर्कों और अन्य साजिशकर्ताओं की भूमिका पर पूछताछ करेगी. इस बीच, पंपू ने सुरक्षा का हवाला देते हुए कस्टडी के दौरान हाथ-पैर में बेड़ियां डालने और पूरे सफर की वीडियोग्राफी की मांग की है, जिससे जाहिर होता है कि वह यूपी पुलिस की कस्टडी में जाने से बेहद डरा और सतर्क है.

दरअसल, पंपू को एनकाउंटर के साथ-साथ डर है कि कहीं उसकी गाड़ी न पलट जाए या फिर जेल में राइवल गैंग के हाथों मारा जाए. इसी खौफ में उसने पुलिस अधिकारियों को एक लेटर लिखकर अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है. 

फंडिंग और जीपीएस ट्रैकिंग का खुलासा

हत्याकांड की पूरी फंडिंग करनाल जेल में बंद राकेश पंपू ने की थी, जिसने शूटरों को पैसा और असलाह मुहैया कराया. फरार शूटर सत्यम कादयान, जो राकेश का करीबी रिश्तेदार है, उसने अंकित की गाड़ी में जीपीएस लगाया था और मोबाइल से लोकेशन ट्रैक कर रहा था.

फरार शूटरों पर 1-1 लाख का इनाम

पुलिस ने फरार चल रहे दो शूटरों आर्यन और सत्यम कादयान पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है. वारदात के बाद दोनों शूटर राकेश पंपू के सिवाह गांव पहुंचे और वहां से फरार हो गए. वहीं एनकाउंटर में मारे गए सुमित और मोहित के साथ ये दोनों बैकअप में शामिल थे.

—- समाप्त —-


Leave a Comment