Homemade Gulab Jal: चेहरे की खूबसूरती बनाए रखने के लिए लोग तरह-तरह के स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. इनमें गुलाब जल सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले ब्यूटी प्रोडक्ट्स में से एक है. यह स्किन को हाइड्रेट रखने, ठंडक पहुंचाने, स्किन का PH बैलेंस बनाए रखने और चेहरे पर नेचुरल ग्लो लाने में मदद करता है. गर्मी के मौसम में सनबर्न से राहत देने और स्किन को फ्रेश रखने के लिए भी गुलाब जल काफी फायदेमंद माना जाता है.
वैसे तो बाजार में गुलाब जल आसानी से मिल जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि थोड़ी सी मेहनत से आप घर पर भी शुद्ध गुलाब जल तैयार कर सकते हैं. इस होममेड गुलाब जल का इस्तेमाल आप टोनर के रूप में कर सकते हैं या फिर इसे फेस पैक में मिलाकर चेहरे पर लगा सकते हैं.
घर पर गुलाब जल बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
2-3 कप ताजे गुलाब की पंखुड़ियां
2-3 कप साफ पानी
पहला तरीका
- सबसे पहले गुलाब की पंखुड़ियों को अच्छी तरह धो लें. अब एक बर्तन में साफ पानी डालें और उसमें पंखुड़ियां डाल दें. ध्यान रखें कि पानी इतना ही हो कि पंखुड़ियां पूरी तरह डूब जाएं.
- अब बर्तन को मीडियम आंच पर रखें और पानी को हल्का-हल्का गर्म होने दें. इसे तेज गैस पर न उबालें. कुछ देर बाद पंखुड़ियों का रंग और खुशबू पानी में घुलने लगेगी. जब पंखुड़ियां अपना रंग छोड़ दें, तो गैस बंद कर दें.
- इसके बाद पानी को छानकर ठंडा होने दें. फिर इसे एक साफ कांच की बोतल या स्प्रे बोतल में भरकर फ्रिज में रख दें. आप इसे चेहरे पर टोनर या फेस मिस्ट की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं.
दूसरा तरीका
- सबसे पहले गुलाब की पंखुड़ियों को अच्छी तरह धो लें और एक बर्तन में डालें. अब इतना पानी डालें कि पंखुड़ियां पूरी तरह डूब जाएं.
- बर्तन को मीडियम गैस पर रखें. जब पानी गर्म होने लगे तो बर्तन पर उल्टा ढक्कन रख दें और ढक्कन के ऊपर बर्फ के कुछ टुकड़े रख दें. इससे बर्तन के अंदर बनने वाली भाप ढक्कन से टकराकर पानी की बूंदों में बदल जाएगी और नीचे जमा होने लगेगी. यही शुद्ध गुलाब जल होता है.
- कुछ देर बाद गैस बंद करें, तैयार गुलाब जल को छानकर साफ बोतल में भर लें और फ्रिज में स्टोर करें.
- घर पर बना शुद्ध गुलाब जल आप अपने रोजाना के स्किन केयर रूटीन में शामिल कर सकते हैं. यह चेहरे को ताजगी देने के साथ-साथ त्वचा को साफ और हाइड्रेट रखने में भी मदद करता है.
डिस्क्लेमर: ये खबर सिर्फ जानकारी के लिए है. अपनी स्किन केयर में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह लेना न भूलें.
—- समाप्त —-