बागपत मर्डर मिस्ट्री: गणेश मंदिर, कातिल महंत, हवन कुंड में दफन दो लाशें… अब अफेयर की थ्योरी पर मृतक की बहन ने तोड़ी चुप्पी – Twist in Baghpat murder case Deceaseds sister breaks silence on theory of affair with Mahant Naresh Nath lclam


उत्तर प्रदेश के बागपत में दो दोस्तों के मर्डर की जांच के बीच उस वायरल फोटो ने नया मोड़ ला दिया है, जिसे पुलिस की कहानी में अहम कड़ी माना गया था. मंदिर के महंत नरेशनाथ के साथ नजर आ रही युवती अब खुद सामने आई है. युवती मृतक अंकित की बहन है और उसका कहना है कि महंत नरेशनाथ के साथ उसका कोई प्रेम संबंध या अफेयर नहीं था. वह महंत को पिता की तरह मानती थी और महंत भी उसे अपनी बेटी कहता था. युवती ने वायरल फोटो को लेकर भी सफाई दी है और कहा है कि यह फोटो हरिद्वार का है, जहां वह अकेली नहीं बल्कि अपने परिवार के साथ गई थी.

दरअसल, बागपत के चांदीनगर थाना क्षेत्र के लहचौड़ा गांव स्थित गणेश मंदिर परिसर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दो दोस्तों अंकित और इसरार के शव मंदिर परिसर में हवन कुंड के पास जमीन में दबे मिले. बताया गया कि इसी कुंड पर मंदिर का महंत नरेशनाथ साधना किया करता था. इस सनसनीखेज डबल मर्डर की जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने मंदिर से जुड़े दो शिष्यों को गिरफ्तार किया. वहीं महंत नरेशनाथ और एक अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं.

मृतक अंकित और इसरार

 इन सबके बीच महंत नरेशनाथ की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई. तस्वीर में महंत एक युवती का हाथ पकड़े नजर आ रहा था. बाद में सामने आया कि तस्वीर में दिखाई दे रही युवती मृतक अंकित की बहन है. यही फोटो इस हत्याकांड की कहानी में बेहद अहम कड़ी बन गई. जानकारी के मुताबिक, फोटो को लेकर अंकित और इसरार महंत नरेशनाथ के पास पहुंचे थे. इसके बाद दोनों दोस्तों की हत्या कर उनके शव मंदिर परिसर में हवन कुंड के पास दफना दिए जाने का आरोप सामने आया.

ये भी पढ़ें- बागपत में सनसनी: हिंदू-मुस्लिम जिगरी दोस्तों को मारकर मंदिर में दफनाया, ऊपर से लगा दी टाइल्स! इसलिए पुजारी बना ‘कातिल’

पुलिस ने अपनी जांच में महंत और युवती के बीच कथित संबंधों को भी हत्याकांड की वजह से जोड़कर देखा था. लेकिन अब मृतक अंकित की बहन का बयान सामने आने के बाद इस कहानी का एक दूसरा पक्ष भी सामने आया है. युवती ने महंत नरेशनाथ के साथ किसी भी तरह के प्रेम संबंध या अफेयर से साफ इनकार किया है. उसका कहना है कि महंत नरेशनाथ उसके लिए पिता के समान थे. वह उन्हें बाबा या पिता की तरह मानती थी और महंत भी उसे अपनी बेटी मानते थे. 

युवती के अनुसार, दोनों के बीच अवैध संबंध होने की बात महज अफवाह है. वायरल तस्वीर को लेकर युवती ने यह भी दावा किया कि यह फोटो हरिद्वार की है. युवती का कहना है कि वह उस समय अकेली नहीं थी, बल्कि उसका परिवार भी साथ था.

—- समाप्त —-


Leave a Comment