बाइक आगे-आगे… पीछे गुलदार! रात के वक्त सड़क का डरावना सीन, बिजनौर के गांव में दहशत की कहानी – bijnor leopard chases bike video viral villagers demand cage lcla


रात का वक्त था. सड़क पर सन्नाटा था. एक बाइक अपनी रफ्तार से चली जा रही थी. तभी अचानक सड़क पर कुछ हलचल हुई. बाइक सवार ने देखा तो होश उड़ गए. पीछे कोई गाड़ी नहीं थी… एक गुलदार था. बाइक की रफ्तार बढ़ी. लेकिन गुलदार भी पीछे दौड़ पड़ा. कुछ देर के लिए ये मंजर डरा देने वाला था. इस पूरे वाकये को वहां मौजूद किसी शख्स ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. मामला बिजनौर के हल्दौर इलाके के करणपुर गांव का है.

बिजनौर में गुलदारों की मौजूदगी पिछले काफी समय से बनी हुई है. कभी खेत में गुलदार दिखता है, कभी सड़क किनारे. कई बार गांवों के आसपास भी इसकी मौजूदगी सामने आती है. इसका सबसे ज्यादा असर गांव में रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है. किसान कहते हैं कि पहले खेत में जाना रोजमर्रा का काम था, अब कई लोग अकेले खेत जाने से बचते हैं. खासकर सुबह और शाम के समय डर ज्यादा रहता है.

यहां देखें Video

पशुपालकों की भी परेशानी कम नहीं है. उन्हें डर रहता है कि कहीं गुलदार उनके मवेशियों को निशाना न बना ले. और अब करणपुर में बाइक के पीछे दौड़ते गुलदार का वीडियो सामने आया तो लोगों की चिंता और बढ़ गई. बिजनौर में गुलदार के हमलों की कई घटनाएं सामने आती रही हैं. इनके हमलों में अब तक तीन दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत होने की बात कही गई है. बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं.

यह भी पढ़ें: कांवड़ियों के रास्ते में खतरा बना हुआ था गुलदार, मुर्गे के चक्कर में पिंजरे में फंसा… अब जंगल में छोड़ा जाएगा

इंसानों के अलावा गुलदारों ने मवेशियों और दूसरे जानवरों को भी निशाना बनाया है. ग्रामीण अब सिर्फ ये नहीं चाहते कि उन्हें गुलदार से बचने के तरीके बताए जाएं. उनकी मांग है कि जहां गुलदार बार-बार दिखाई दे रहा है, वहां वन विभाग की टीम पहुंचे और जरूरत पड़ने पर उसे पकड़ने की कार्रवाई करे.

वन विभाग ने 120 से ज्यादा पिंजरे लगाए

अब सवाल उठता है कि वन विभाग कर क्या रहा है? विभाग के मुताबिक, गुलदार प्रभावित इलाकों में 120 से ज्यादा पिंजरे लगाए जा चुके हैं. निगरानी भी की जा रही है. ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं. पीलीभीत टाइगर रिजर्व की टीम भी बिजनौर के प्रभावित इलाकों में पहुंची है.

टीम लोगों को गुलदार से बचाव के तरीके बता रही है. इसके लिए नुक्कड़ नाटक और दूसरे जागरूकता कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं. लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि जागरूकता अपनी जगह है और खतरे का समाधान अपनी जगह. उनका कहना है कि जिस इलाके में गुलदार बार-बार दिखाई दे रहा है, वहां उसकी निगरानी बढ़ाई जाए. जरूरत हो तो पिंजरा लगाया जाए और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जाए.

करणपुर में बाइक के पीछे दौड़ते गुलदार का वीडियो भले ही कुछ सेकेंड का हो, लेकिन इसने गांव के लोगों की चिंता बढ़ा दी है. फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है. लोग वन विभाग से करणपुर और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाने और जरूरत के मुताबिक गुलदार को पकड़ने की मांग कर रहे हैं.

—- समाप्त —-


Leave a Comment