दिल्ली में EV का सुपरचार्ज! 3 महीने में बिकी करीब 30 हजार इलेक्ट्रिक गाड़ियां – Delhi Electric Vehicle Sales Around 30000 EV Sold in three months auaw


EV Sales in Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में नई EV पॉलिसी और सब्सिडी का असर साफ तौर पर दिखने लगा है. दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को लेकर लोगों का रुझान लगातार बढ़ता जा रहा है. नई इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी लागू होने के बाद राजधानी में EV की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना दिया है. जुलाई 2026 में दिल्ली में 10,307 इलेक्ट्रिक वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है. इससे पहले जून में 10,137 और मई में 9,469 इलेक्ट्रिक वाहन बिके थे. 

केवल तीन महीनों (मई, जून और जुलाई) में ही 29,913 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री दर्ज की गई है. जुलाई में EV बिक्री जून की तुलना में 170 वाहन और मई के मुकाबले 838 वाहन अधिक रही. यह लगातार तीसरा महीना है जब इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. 

टू-व्हीलर बने लोगों की पहली पसंद

जुलाई में सबसे ज्यादा बिक्री इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की रही. इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक की मांग लगातार बढ़ रही है. आंकड़े बताते हैं कि बढ़ते फ्यूल प्राइस, लो मेंटनेंस कॉस्ट और सरकारी सब्सिडी के कारण लोग बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक खरीद रहे हैं. इसके अलावा एक ईवी के तौर पर टू-व्हीलर सबसे बेहतर और किफायती विकल्प भी माने जाते हैं.

महीना दोपहिया चारपहिया
जुलाई 6,172 2,205
जून  5,656  2,471
मई 5,148 2,251

इलेक्ट्रिक कारों में हल्की गिरावट

हालांकि जुलाई में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में मामूली गिरावट देखने को मिली है. जहां बीते जून में दिल्ली में कुल 2,471 यूनिट इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री हुई थी. वहीं जुलाई में ये आंकड़ा केवल 2,205 तक ही पहुंच पाया. वहीं जुलाई की सेल मई के मुकाबले भी थोड़ी कम ही रही है. खैर टू-व्हीलर्स ने इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री को तगड़ी रफ्तार दी है.

सिर्फ प्राइवेट वाहन ही नहीं, बल्कि कमर्शियल इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है. हालिया आंकड़ों के अनुसार, इलेक्ट्रिक गुड्स थ्री-व्हीलर की बिक्री मई में 863 यूनिट से बढ़कर जून में 946 और जुलाई में 1,062 यूनिट पहुंच गई. वहीं, इलेक्ट्रिक मोटर कैब की बिक्री भी मई के 389 यूनिट से बढ़कर जून में 407 और जुलाई में 504 यूनिट हो गई. इसके अलावा, इलेक्ट्रिक गुड्स कैरियर की बिक्री भी लगातार बढ़ रही है, जो मई में 174 यूनिट, जून में 187 यूनिट और जुलाई में 202 यूनिट दर्ज की गई. इन आंकड़ों से साफ है कि लॉजिस्टिक्स और पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेक्टर भी तेजी से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर बढ़ रहा है.

महीना गुड्स थ्री-व्हीलर  इलेक्ट्रिक मोटर कैब  गुड्स कैरियर
जुलाई  1,062   504   202
जून   946  407   187
मई  863 389   174

एक्सपर्ट का मानना है कि कारों के मुकाबले कम कीमत और अधिक सब्सिडी के कारण फिलहाल टू-व्हीलर और कमर्शियल EV की मांग ज्यादा बनी हुई है. दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह का कहना है कि नई EV पॉलिसी के तहत आम लोगों को दी जा रही सब्सिडी का सीधा असर बिक्री के आंकड़ों में दिखाई दे रहा है. उनके मुताबिक लोग तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं और आने वाले महीनों में यह रफ्तार और तेज होगी.

मंत्री ने कहा कि अगले महीने से शुरू होने वाले फेस्टिवल सीजन के दौरान, खासकर दिवाली तक, इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है. पंकज सिंह के अनुसार दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या राजधानी के प्रदूषण को कम करने में भी अहम भूमिका निभाएगी. उनका कहना है कि दिल्ली की जनता क्लीन और ग्रीन मोबिलिटी को अपनाने में सरकार का साथ दे रही है, जिससे राजधानी में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का दायरा लगातार बढ़ रहा है.
 

—- समाप्त —-


Leave a Comment