‘जिन्न ने कहा था मार दो, इसलिए मार डाला…’ बरेली के व्यापारी हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा – Bareilly businessman murder Shocking revelation killer says Jinn said to kill him Lcly


उत्तर प्रदेश के बरेली में मॉर्निंग वॉक पर निकले किराना व्यापारी की हत्या के मामले में बरेली पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. प्रेस कांफ्रेंस करके एसपी उत्तरी मुकेश चंद मिश्रा ने इसका खुलासा किया. मामले में पुलिस ने पड़ोसी बस्ती के 19 वर्षीय मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी की मृतक से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी, बल्कि उसने सनक में आकर इस वारदात को अंजाम दिया.

आरोपी मानसिक रूप से बीमार है, वह सूखा नशा करता है इसकी वजह से उसकी दवाइयां भी चल रही हैं. कुछ महीनों से उसने दवाइयां का सेवन नहीं किया था. जिसकी वजह से वह परेशान रहने लगा. मानसिक रूप से कमजोर होने की वजह से उसने हत्याकांड को अंजाम दे दिया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके कान में जिन्न की आवाज आती है, जिन्न हत्या के लिए कह रहा था, इसलिए उसने हत्याकांड को अंजाम दिया.

पिता ने हत्याकांड के छिपाए थे सबूत
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के पिता ने भी इस हत्याकांड में अपनी अहम भूमिका निभाई. जब पिता को पता चला कि बेटे ने हत्या कर दी है तो उसने उसे छिपाकर रखा. हालांकि पुलिस ने आरोपी पिता को भी सबूत छिपाने के आरोप में जेल भेज दिया है. बताया जा रहा है आरोपी मोहम्मद अरमान पहले कार से सियाराम श्रीवास्तव को टक्कर मारकर गिराया. इसके बाद कांच के टुकड़े से उनका गला रेत दिया और शरीर पर कई वार किए, ताकि उनकी मौत सुनिश्चित हो जाए. इस घटना के खुलासे में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रही. फुटेज में दिखाई दी कार के नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची. जांच में पता चला कि कार आरोपी के पिता के नाम पर पंजीकृत है.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब मीडिया ने आरोपी से इस घटना के बारे में बात की तो आरोपी ने बताया कि उसे अक्सर ऐसा महसूस होता था कि कोई उसके कान में लोगों की हत्या करने के लिए कहता है. उसने दावा किया कि सियाराम श्रीवास्तव को देखकर भी उसे ऐसी ही आवाज सुनाई दी. इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दे दिया. पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी मानसिक रोग से ग्रसित बताया जाता है और वह अन्य लोगों का भी इसी तरह पीछा कर चुका था. हालांकि मानसिक स्थिति को लेकर अंतिम निष्कर्ष चिकित्सकीय जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही तय होगा.

पत्नी के साथ सियाराम गए थे मॉर्निंग वॉक पर
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौराटांडा के बिबियापुर कायस्थान निवासी 65 वर्षीय सियाराम श्रीवास्तव शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. उनकी पत्नी बीच रास्ते से वापस लौट आईं, जबकि सियाराम आगे निकल गए. कुछ देर बाद उनका शव सड़क किनारे मिला था. इस मामले में मृतक के बेटे ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.

मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी उत्तरी ने बताया कि सियाराम का शव रोड पर पड़ा हुआ मिला था. प्रथम दृष्टि गले और सीने पर चोट के निशान थे.मृतक के परिवार की ओर से शिकायत पर पड़ोसियों पर मुकदमा दर्ज कराया गया था. इनकी कोई भी भूमिका नहीं पाई गई. लेकिन सीसीटीवी की मदद से आरोपी की पहचान की गई और हत्याकांड का खुलासा कर दिया गया. 

आरोपी बोला मेरे कान में आ रही थी हत्या कर देने की आवाज
आरोपी ने बताया कि कुछ समय पहले कुछ लोगों ने मुझे एक इंजेक्शन लगाया था. डेढ़ वर्ष से मेरी दवाई चल रही है. मुझे कुछ चीज परेशान करती थी. कभी कोई चीज चमकता है. कुछ आवाज आती है. पंडित से मौलाना से किसी से पता करो. एक आवाज मेरे कान में आ रही थी हत्या कर दो, इसलिए मैंने हत्या कर दी.

—- समाप्त —-


Leave a Comment