VIDEO: लात-घूंसों से पीटा, जमीन पर 5 बार पटका… फिर दबंगों ने पैर पकड़वाकर मंगवाई माफी – kaushambi dabangs beat youth forced himto apologize video viral lclcn


उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से दबंगई का एक शर्मनाक मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ युवक एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में दबंग न सिर्फ युवक को लात-घूंसों से पीटते हैं, बल्कि उससे पैर पकड़वाकर माफी भी मंगवाते नजर आते हैं. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है.

करीब 1 मिनट 6 सेकंड के इस वायरल वीडियो में एक दबंग युवक पीड़ित को बार-बार जमीन पर पटकता दिखाई देता है. वीडियो में साफ नजर आता है कि युवक को कम से कम पांच बार उठाकर जमीन पर पटका जाता है. इसके बाद उससे पैर पकड़वाकर माफी मंगवाई जाती है. इस पूरी घटना का वीडियो भी आरोपियों ने खुद अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया था.

यह भी पढ़ें: ‘₹500 में झाड़-फूंक, 5 हजार मांगकर धर्म बदलने का दबाव’, कौशांबी में 4 मौलवियों पर FIR

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब एक साल पुराना है. हालांकि वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला फिर सुर्खियों में आ गया. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जमीन के कागजात बनवाने जा रहा था युवक, रास्ते में घेरकर की मारपीट

चरवा थाना क्षेत्र के चरवा खुर्द गांव निवासी रौनक तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि पिछले साल जुलाई महीने में वह अपने साथी पीयूष पांडे के साथ चायल तहसील जमीन से जुड़े दस्तावेज तैयार कराने जा रहा था.

रौनक के मुताबिक, जब दोनों रदगहा गांव के पास स्थित एक बगीचे में पहुंचे, तब वहां पहले से मौजूद पूरे कलापत गांव के रहने वाले राज यादव, हरि यादव, गोलू यादव, विनायक यादव और अमन यादव ने उन्हें रोक लिया. आरोप है कि बिना किसी वजह के सभी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर बेरहमी से मारपीट करने लगे.

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उससे पैर पकड़वाकर माफी भी मंगवाई. इतना ही नहीं, पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया और धमकी दी कि अगर किसी को घटना के बारे में बताया तो जान से मार देंगे.

VIDEO वायरल होने के बाद फिर मिली धमकी

रौनक तिवारी का कहना है कि 25 जुलाई 2026 को जैसे ही मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, उसके बाद मुख्य आरोपी राज यादव अपने साथियों के साथ गांव के बाहर मिला. वहां भी आरोपियों ने उसे दोबारा धमकाया और कहा कि अगर घटना के बारे में किसी से शिकायत की तो जान से मार देंगे.

वीडियो वायरल होने और लगातार मिल रही धमकियों के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की. तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले की जांच के साथ आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है.

घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. सोशल मीडिया पर भी लोग वीडियो देखकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

पुलिस बोली- पांच आरोपियों पर केस दर्ज, जल्द होगी गिरफ्तारी

मामले में चायल के क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिवांक सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पिछले साल जुलाई महीने की घटना का बताया जा रहा है. पीड़ित युवक की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है.

सीओ ने कहा कि पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है. आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल, वायरल वीडियो ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब यह देखना होगा कि पुलिस आरोपियों को कितनी जल्दी गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment