Maggi Raita Recipe: मैगी का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में मसालेदार नूडल्स की तस्वीर आती है. लेकिन क्या आपने कभी मैगी का रायता खाया है? अगर नहीं तो इस बार कुछ नया बनाकर देखें. दही और मैगी से तैयार होने वाला यह फ्यूजन रायता स्वाद में अलग होने के साथ-साथ मिनटों में तैयार हो जाता है. गर्मियों में ठंडा-ठंडा मैगी रायता खाने का मजा ही अलग होता है. आइए जानते हैं कि मैगी रायता कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
1 पैकेट मैगी
2 कप ताजा दही
1 छोटा प्याज (बारीक कटा हुआ)
1 छोटा टमाटर (बारीक कटा हुआ)
1 हरी मिर्च (ऑप्शनल)
½ छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
स्वादानुसार नमक
गार्निश के लिए हरा धनिया
मैगी रायता बनाते कैसे हैं?
- मैगी रायता बनाने के लिए सबसे पहले मैगी को अच्छे से उबाल लें. ध्यान रखें कि मैगी ज्यादा न पके, वरना वह बहुत नरम हो जाएगी. उबलने के बाद इसे पूरी तरह ठंडा होने दें.
- अब एक बड़े बाउल में दही को अच्छी तरह फेंट लें ताकि उसमें गुठलियां न रहें. इसमें स्वादानुसार नमक और भुना जीरा पाउडर डालकर मिला लें.
- इसके बाद बारीक कटा प्याज, टमाटर और अगर चाहें तो हरी मिर्च भी डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
- अब ठंडी हो चुकी मैगी को दही के मिश्रण में डालें और हल्के हाथों से मिलाएं, ताकि नूडल्स टूटे नहीं.
- आखिर में ऊपर से हरा धनिया और थोड़ा-सा भुना जीरा पाउडर डालकर गार्निश करें. ठंडा-ठंडा मैगी रायता सर्व करें.
मैगी रायता बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान
- हमेशा ठंडे और ताजे दही का इस्तेमाल करें.
- मैगी को जरूरत से ज्यादा न पकाएं.
- मैगी मसाला पहले से नमकीन होता है, इसलिए नमक सोच-समझकर डालें.
- चाहें तो इसमें खीरा, शिमला मिर्च या स्वीट कॉर्न मिलाकर इसे और हेल्दी बना सकते हैं.
- रायता बनाने के तुरंत बाद सर्व करें, ताकि मैगी ज्यादा नरम न हो.
—- समाप्त —-