बिस्तर से अचानक गायब हुई थीं दो चचेरी बहनें: 70 फीट गहरा कुआं खाली कराया तो फटी रह गईं आंखें; मोबाइल नंबर से खुलेगा राज – mp shivpuri two minor cousin sisters dead bodies found well lcln


मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तेंदुआ थाना क्षेत्र के डेहरवारा गांव में दो दिन से लापता दो चचेरी नाबालिग बहनों के शव शनिवार सुबह एक कुएं से बरामद किए गए.पुलिस पूर्व में दर्ज अपहरण के मामले को अब मर्ग कायम कर आगे की कार्यवाही की जा रही है.

दरअसल, डेहरवारा निवासी राजेंद्र धाकड़ की 16 वर्षीय पुत्री कीर्ति धाकड़ और उनके भाई सुघर सिंह धाकड़ की 17 वर्षीय पुत्री पूनम धाकड़ 16 जुलाई की रात को परिवार के साथ भोजन करने के बाद सोई थीं.

देर रात करीब 1 बजे जब परिजनों की आंख खुली, तो दोनों बच्चियां अपने बिस्तर से गायब थीं. काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने तेंदुआ थाना पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 17 जुलाई को अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी.

​शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि दोनों नाबालिगों के घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित एक कुएं के पास एक बच्ची की चप्पल मिली. संदेह के आधार पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से लगभग 70 फीट गहरे कुएं से मोटरों द्वारा करीब 40 फीट पानी खाली कराया.

पानी का स्तर कम होने पर कुएं के भीतर दोनों बहनों के शव बरामद हुए, जिन्हें ग्रामीणों की सहायता से बाहर निकाला गया. हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के एक दिन पहले भी ग्रामीण इसी कुएं से पानी भर रहे थे, लेकिन तब किसी को भनक नहीं लगी थी.

तेंदुआ थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ का कहना है कि परिजनों की शिकायत के बाद अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया था. इसके बाद सूचना मिली जिसके बाद कुएं से युवतियों के शव बरामद कर पीएम कराया जा रहा है. इसमें एक मोबाइल नंबर भी ट्रेस हुआ है जिस पर युवती बात करती थी, उस एंगल पर भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है.

—- समाप्त —-


Leave a Comment