रांची में कई किलोमीटर तक पीछा कर महिलाओं से बदसलूकी, मरांडी ने सरकार को घेरा, आई पुलिस की सफाई – scorpio chasing womens vehicle ranchi dassam falls viral video babulal marandi jharkhand ntc bktw


झारखंड की राजधानी रांची का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक स्कॉर्पियो, कार का पीछा करती नजर आ रही है. कार में महिलाएं सवार थीं. यह वीडियो वायरल होने के बाद हंगामा मच गया है. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर हमला बोला है. बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस घटना को भयावह बताया है.

पूर्व सीएम मरांडी ने कहा है कि रांची के दशम फॉल क्षेत्र से लेकर हाईवे तक, कई किलोमीटर महिलाओं की गाड़ी का पीछा कर उनके साथ बदसलूकी किए जाने की घटना बहुत भयावह और चिंताजनक है. उन्होंने कहा है कि सबसे गंभीर बात यह है कि महिलाओं के सूचना देने पर भी सहायता के लिए पुलिस नहीं पहुंची. मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन को टैग करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री दिल्ली में निवेशकों को आमंत्रित करने में व्यस्त हैं, लेकिन सवाल यह है कि ऐसी कानून-व्यवस्था पर कोई निवेशक कैसे भरोसा करेगा?

उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जिस राज्य में पुलिस की गाड़ी से खींचकर युवक की हत्या कर दी जाए और महिलाओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित न हो, वहां सुरक्षा का संदेश कैसे जाएगा? मरांडी ने तंज करते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन पर्यटन सीजन और मॉनसून के दौरान प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए भी चिंता का विषय है.

पूर्व सीएम मरांडी ने रांची पुलिस, झारखंड पुलिस से मांग की है कि दशम फॉल सहित राज्य के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक और प्रभावी इंतजाम किए जाएं, जिससे ऐसी घटनाएं फिर से ना हों. पूर्व सीएम की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद इस मामले को लेकर अब रांची पुलिस का भी बयान आया है. पुलिस ने कहा है कि 7 जुलाई को 12 बजकर 39 मिनट पर डायल 112 पर सूचना मिली की रांची-टाटा हाईवे पर काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से एक डिजायर कार का पीछा किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: झारखंड में पुलिस एनकाउंटर के बाद गैंगस्टर प्रिंस खान का गुर्गा शिवा गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

रांची पुलिस का दावा है कि सूचना मिलने के बाद छह मिनट के भीतर बाइक दस्ता, 10 मिनट के भीतर गस्ती दल के साथ दशम फॉल थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए. डिजायर चालक रणवीर ने बताया कि बुण्डू सूर्य मंदिर से निकलने के दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो से गाड़ी सट गई थी. इसे लेकर विवाद हुआ और फिर अपनी गाड़ी लेकर निकल गया. तैमारा मोड़ के पास स्कॉर्पियो सवार लोगों ने पीछा कर गाड़ी रुकवाई और आगे का शीशा, गेट का शीशा तोड़ दिया. इस गाड़ी में जमशेदपुर की तीन महिलाएं बैठी थीं.

यह भी पढ़ें: झारखंड: रांची के प्राइवेट अस्पताल में मरीज की मौत, CM ने दिए जांच के आदेश

पुलिस का दावा है कि पीड़ितों की गाड़ी थाना प्रभारी और गस्ती दल की सुरक्षा में दशम फॉल थाने लाई गई. बुण्डू थाना क्षेत्र के आदर्शनगर कुम्हार टोली निवासी स्कॉर्पियो सवार चालक राजकुमार महतो पुत्र गुनोधर महतो और जोएब रजा पुत्र आफताब आलम खान को थाने बुलाकर पूछताछ की गई. थाना प्रभारी के बार-बार अनुरोध करने पर भी पीड़ित महिला पक्ष ने प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया. महिलाओं का कहना था कि ये कम उम्र के लड़के हैं. कार्रवाई की तो इनका भविष्य खराब हो जाएगा. इसके बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर विवाद का निपटारा कर दिया.

—- समाप्त —-




Leave a Comment