श्रीलंका में साई सुदर्शन का जलवा, जड़ा फर्स्ट क्लास करियर का 9वां शतक, मेजबान बॉलर्स पस्त – sai sudharsan century india a vs sri lanka a unofficial test galle tspoa


इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच पहला अनधिकृत टेस्ट 25 जून (गुरुवार) से गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में शुरू हुआ. इस चार दिवसीय मुकाबले में इंडिया-ए के कप्तान ध्रुव जुरेल ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया. यानी श्रीलंकाई टीम को पहले बॉलिंग करनी पड़ी.

मुकाबले के पहले दिन इंडिया-ए के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने गदर काट दिया. बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन ने 14 चौके की मदद से 130 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. सुदर्शन के फर्स्ट क्लास करियर की यह 9वीं सेंचुरी रही. सुदर्शन फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 10 अर्धशतक भी जमा चुके हैं.

साई सुदर्शन को अपनी इनिंग्स के दौरान आयुष पांडे और ऋतुराज गायकवाड़ का बखूबी साथ मिला. साई सुदर्शन और आयुष पांडे ने पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़कर इंडिया-ए को शानदार शुरुआत दिलाई. दिलुम सुदीरा ने आयुष पांडे को आउट कर इस पार्टनरशिप को ब्रेक किया. आयुष पांडे ने 64 गेंदों पर 25 रनों का योगदान दिया,जिसमें तीन चौके शामिल रहे.

फिर साई सुदर्शन ने ऋतुराज गायकवाड़ संग तीसरे विकेट के लिए 90 रनों की पार्टनरशिप की. ऋतुराज ने 1 चौके की मदद से 53 बॉल पर 22 रन बनाए और उनका विकेट रविंदु फर्नांडो ने झटका. देवदत्त पडिक्कल कुछ खास नहीं कर पाए और 12 रनों के निजी स्कोर पर दिलुम सुदीरा का शिकार बने.

श्रीलंका-ए की प्लेइंग इलेवन: पवन्था वीरसिंघे, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), नुवानीदु फर्नांडो, एशेन बंडारा, सहान अराचिगे (कप्तान), रविंदु फर्नांडो, अंजला बंडारा, कविंदु पथिरत्ने, दुलाज समुदिथा, चमिका गुणसेकरा और दिलुम सुदीरा.

इंडिया-ए की प्लेइंग इलेवन: साई सुदर्शन, आयुष पांडे, देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर/कप्तान), शेख रशीद, हर्ष दुबे, सारांश जैन, अंशुल कम्बोज, यश ठाकुर और आकिब नबी डार.

—- समाप्त —-


Leave a Comment