सीधे रेपिस्ट के घर ले गई पुलिस डॉग, संभल में Mary ने सुलझाई ब्लाइंड रेप केस की गुत्थी – Sambhal Police tracked down rapist in an unsolved rape case help of police dog Mary lcltm


उत्तर प्रदेश के संभल जिले में छह वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले का पुलिस की विशेष प्रशिक्षित डॉग ‘मैरी’ ने खुलासा कर दिया. पांच दिन तक पुलिस के लिए चुनौती बने इस ब्लाइंड रेप केस में डॉग स्क्वॉड की अहम भूमिका सामने आई है. आरोपी तक पहुंचने में मदद करने पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मैरी को 10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया.

6 साल की बच्ची से हुआ था रेप

जानकारी के अनुसार, बबराला थाना क्षेत्र की रहने वाली छह वर्षीय बच्ची 18 जून को घर से खेलने निकली थी. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान बच्ची घर से करीब 300 मीटर दूर जंगल के पास बेहोशी की हालत में मिली. परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उसी रात मौके को सील कर दिया. अगले दिन फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जिनमें एक गमछा भी बरामद हुआ. बाद में बच्ची के पिता की तहरीर पर पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया.

गमछा सूंघकर सीधे रेपिस्ट के घर पहुंची ‘मैरी’

मामले के खुलासे के लिए एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने डॉग स्क्वॉड को लगाया. पुलिस डॉग ‘मैरी’ को घटनास्थल से मिला गमछा सूंघाया गया. गंध मिलते ही मैरी खेतों और जंगलों से होकर एक खास दिशा में बढ़ी और पुलिस टीम को संदीप नामक युवक के घर तक पहुंचा दिया. जब पुलिस वहां पहुंची तो परिजनों ने संदीप के घर पर होने से इनकार कर दिया. हालांकि जांच में पता चला कि पुलिस की गतिविधियों की भनक लगते ही वह फरार हो गया था.

इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी शुरू की और बबराला-रजपुरा मार्ग पर आरोपी की तलाश के दौरान उसका सामना पुलिस से हो गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसके कब्जे से एक तमंचा भी बरामद किया गया.

गोल्ड मेडलिस्ट है मैरी, सुलझाए कई केस

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि मैरी अपनी बैच की गोल्ड मेडलिस्ट डॉग है और इससे पहले भी कई जटिल मामलों का खुलासा कर चुकी है. बिलासपुर के जंगल में हुए ब्लाइंड मर्डर केस और संभल के एक अन्य अज्ञात हत्या कांड में भी मैरी ने महत्वपूर्ण सुराग देकर पुलिस को सफलता दिलाई थी.

इस बार दुष्कर्म के आरोपी तक पहुंचने में उसकी भूमिका निर्णायक रही, जिसके लिए उसे विशेष रूप से सम्मानित किया गया. पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच, फॉरेंसिक साक्ष्यों और डॉग स्क्वॉड की मदद से मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है. आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
 

—- समाप्त —-


Leave a Comment